NSUI news: नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए तनय शर्मा को NSUI मध्यप्रदेश का प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया है। यह नियुक्ति NSUI प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे एवं नेशनल मीडिया चेयरमैन रवि पाण्डेय की सहमति से की गई है। नियुक्ति पत्र NSUI मध्यप्रदेश मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अंकित पांडे द्वारा जारी किया गया।
माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय में लंबे समय से सक्रिय
तनय शर्मा वर्तमान में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के छात्र हैं और लंबे समय से छात्र हितों, शैक्षणिक मुद्दों और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर पर वे छात्र आंदोलनों, संवाद कार्यक्रमों और मीडिया से जुड़े मुद्दों पर लगातार मुखर रहे हैं।
NSUI news: दिग्विजय सिंह गुट से जुड़ाव
संगठनात्मक सूत्रों के अनुसार, तनय शर्मा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के गुट से जुड़े माने जाते हैं। उन्हें कई मौकों पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का सानिध्य और मार्गदर्शन भी मिलता रहा है, जिसका प्रभाव उनके संगठनात्मक कार्यों में साफ देखा गया है।


मीडिया रणनीति को मिलेगी मजबूती
NSUI नेतृत्व का मानना है कि तनय शर्मा की नियुक्ति से मध्यप्रदेश में संगठन की मीडिया रणनीति को मजबूती मिलेगी और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को अधिक प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाया जा सकेगा। मीडिया और जनसंचार के क्षेत्र में उनकी समझ को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
नियुक्ति पर तनय शर्मा का बयान
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए तनय शर्मा ने कहा, “इस नई जिम्मेदारी के लिए शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार। पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय दिग्विजय सिंह जी के स्नेह, आशीर्वाद और विश्वास के लिए विशेष धन्यवाद, जिनके मार्गदर्शन से यह दायित्व संभव हो पाया। साथ ही NSUI प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे जी, नेशनल मीडिया चेयरमैन रवि पाण्डेय जी और प्रदेश मीडिया अध्यक्ष अंकित पांडे जी के सहयोग के लिए भी मैं आभारी हूं। मैं संगठन की विचारधारा और छात्र हितों को पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास करूंगा।”
नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दी बधाई
इस नियुक्ति पर कांग्रेस पार्टी और NSUI के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने तनय शर्मा को बधाई दी और उनके उज्ज्वल संगठनात्मक कार्यकाल की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
यह भी पढे़ : घट सकती है रोहित शर्मा और विराट कोहली की सैलरी बीसीसीआई के संकेत







