Police award: चाहे सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड हो, सलमान खान के घर पर फायरिंग, मोहाली RPG अटैक, फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर गोलीबारी, खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल की तलाश, सिंगर बादशाह के कैफे पर हमला या फिर संसद भवन से जुड़े हाई-प्रोफाइल केस, इन सभी मामलों में आरोपियों तक पहुंचने वाली जिस ‘जय-वीरू’ की जोड़ी ने पुलिसिंग की नई मिसाल कायम की, उसी जोड़ी को गणतंत्र दिवस 2025 पर पुलिस वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। दिल्ली पुलिस की एंटी टेरर यूनिट स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट में तैनात इंस्पेक्टर निशांत दहिया और इंस्पेक्टर मंजीत जागलान को उनकी असाधारण बहादुरी, जोखिम भरे ऑपरेशनों और गैंगस्टरों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई के लिए यह सम्मान मिला है।
Police award: हरियाणवी छोरे बने गैंगस्टरों का काल
हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले ये दोनों अधिकारी 2014 बैच के हैं। अपनी काबिलियत और बेहतरीन रिकॉर्ड के दम पर आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन पाकर इंस्पेक्टर बने। इसके बाद इन्होंने उत्तर भारत में सक्रिय कुख्यात गैंगस्टर नेटवर्क की कमर तोड़ दी। इनकी अगुवाई में लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़, कौशल चौधरी, जग्गू भगवानपुरिया, काला जठेड़ी और आतंकी अर्श डाला गैंग से जुड़े कई बड़े गैंगस्टरों समेत दर्जनों गुर्गों को गिरफ्तार किया गया। कई बदमाश मुठभेड़ में मारे गए, जबकि कई को हाफ-एनकाउंटर के बाद सलाखों के पीछे पहुंचाया गया।
हर हाई-प्रोफाइल केस में अहम भूमिका
Police award: जब खालिस्तानी समर्थक और मौजूदा निर्दलीय सांसद अमृतपाल जांच एजेंसियों को चकमा देकर फरार था, तब इंस्पेक्टर निशांत और मंजीत की जोड़ी ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर अहम सुराग जुटाए, जिससे उसकी गिरफ्तारी संभव हो सकी। मूसेवाला हत्याकांड के शूटरों की पहचान, मोहाली RPG अटैक के आरोपियों की गिरफ्तारी, अतीक अहमद के भाई से जुड़े केस में यूपी पुलिस को अहम लीड देना, या फिर दिशा पाटनी के घर फायरिंग के शूटरों का एनकाउंटर इन सभी मामलों में दोनों अफसरों की भूमिका बेहद अहम रही। इसके अलावा सलमान खान के घर फायरिंग करने वालों तक पहुंच, हिमांशु भाऊ गैंग के अजय गोली का एनकाउंटर, तीन लाख के इनामी बदमाश रोमिल बोहरा की मुठभेड़, कुख्यात गैंगस्टर गोगी की गिरफ्तारी और लॉरेंस बिश्नोई के करीबी राशिद केबलवाला को दबोचने जैसे कई बड़े ऑपरेशन इसी जोड़ी ने फ्रंटलाइन पर रहकर अंजाम दिए।
गैंगस्टरों और आतंकियों के खिलाफ लगातार की गई बड़ी कार्रवाइयों और बेखौफ पुलिसिंग के लिए इंस्पेक्टर निशांत दहिया और इंस्पेक्टर मंजीत जागलान को वर्ष 2025 का पुलिस वीरता पुरस्कार प्रदान किया गया है। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के एडिशनल कमिश्नर प्रमोद कुशवाहा और काउंटर इंटेलिजेंस के इंस्पेक्टर अमित भाटी को भी वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
यह भी पढ़ें: श्रीनगर में भारी बर्फबारी के बाद हालात सामान्य, जम्मू हाईवे खुला, एयरपोर्ट पर उड़ानें बहाल







