Mp news: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उज्जैन में कहा कि मध्य प्रदेश लगातार विकास के नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। आज हमारा प्रदेश देश के उन राज्यों में शामिल है, जो सबसे तेज़ी से विकास कर रहे हैं। हालिया राष्ट्रीय सर्वे में यह भी सामने आया है कि मध्य प्रदेश में बेरोजगारी दर सबसे कम है। मुख्यमंत्री के अनुसार इसका कारण यह है कि प्रदेश सरकार गरीबों, जरूरतमंदों, किसानों, युवाओं और महिलाओं को समान अवसर उपलब्ध करा रही है।
उज्जैन में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते साल उज्जैन में 7.50 करोड़ से अधिक श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन के लिए आए। यह संख्या तेजी से बढ़ रही है। सिंहस्थ महोत्सव आने वाला है और उज्जैन पूरी तरह से इस दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक मेले की तैयारियों में जुटा है।
Mp news: करोड़ों रुपए के विकास कार्य
सीएम ने हरिफाटक पुल के चौड़ीकरण कार्यक्रम में 371.11 करोड़ रुपए की लागत वाले 6 लेन रेलवे ओवर ब्रिज, उज्जैन शहर में 389.67 करोड़ रुपए के निर्माण कार्य सहित कुल 760.78 करोड़ रुपए के 15 विकास प्रोजेक्ट का भूमिपूजन रिमोट बटन से किया। इन परियोजनाओं में शामिल हैं: 232.73 करोड़ रुपए की लागत से 836 नए पुलिस आवास, 36 करोड़ रुपए की लागत से न्यू स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, 33 करोड़ रुपए के दो निर्माण कार्यों का लोकार्पण साथ ही, मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय मिशन ‘कोमल स्पर्श’ का शुभारंभ भी किया।
Mp news: हाई-वे और यातायात सुधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ उज्जैन की पहचान है और बाबा महाकाल के आशीष के लिए किसी को वंचित नहीं रखा जाएगा। जावरा से उज्जैन तक नया 4 लेन रोड बन रहा है। भविष्य में सभी मार्गों को आवश्यकतानुसार 4 लेन और 6 लेन हाई-वे में बदला जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित हो।
क्षिप्रा माता के जल से साल भर स्नान
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 30 किलोमीटर के नए घाट बनाए जा रहे हैं, ताकि अधिकतम लोग एक साथ स्नान कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए यहां नई टाउनशिप विकसित की जाएगी, जिसमें बड़े बाजार, बस स्टैंड और अन्य आधुनिक सुविधाएं होंगी।
धार्मिक और आधुनिक संरचनाओं का विकास
Mp news: उज्जैन में मेडिसिटी, मेट्रो सिटी, साइंस सिटी और आईटी पार्क बन रहे हैं। साथ ही, 140 करोड़ रुपए से शनिलोक निर्माण और मंगलनाथ सहित अन्य धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। सरकार उज्जैन में विभिन्न समाजों के लिए धर्मशालाओं और अन्य सुविधाओं की भी व्यवस्था कर रही है। मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि जनकल्याण और शहर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने का काम लगातार जारी रहेगा, ताकि उज्जैन और मध्य प्रदेश सिटीजन-फ्रेंडली और विकासोन्मुख बने रहें।
यह भी पढ़ें: 88 साल के रिटायर्ड IPS अधिकारी इंदरजीत सिंह सिद्धू को पद्मश्री







