YOGI BABA: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि यदि किसी व्यक्ति की जमीन पर दबंग या भूमाफिया ने अवैध कब्जा कर रखा है तो उसे तत्काल कब्जामुक्त कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दूसरों की जमीन हड़पने वालों, कमजोरों को उजाड़ने वालों और भूमाफियाओं को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
जनता दर्शन में आमजन की समस्याएं सुनी – योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान आमजन की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने दो टूक कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि किसी के साथ अन्याय न हो और हर नागरिक को न्याय मिले।
YOGI BABA: 150 से अधिक लोगों से मुलाकात, भरोसा दिलाया समाधान का
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में कुर्सियों पर बैठे लोगों तक पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। करीब 150 से अधिक लोगों से मुलाकात कर उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जमीन कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि न सिर्फ जमीन को कब्जामुक्त कराया जाए, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में कोई दबंग दोबारा ऐसी हरकत न कर सके।
इलाज और आर्थिक मदद का तुरंत आश्वासन
जनता दर्शन में पारिवारिक विवाद और ससुराल पक्ष से जुड़ी शिकायतें लेकर पहुंचीं महिलाओं के मामलों में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों पक्षों से संवाद कर संवेदनशीलता के साथ समाधान निकाला जाए। यदि आवश्यकता पड़े तो विधिसम्मत कार्रवाई करने से भी पीछे न हटें। इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार उनकी पूरी मदद करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इलाज से संबंधित इस्टीमेट की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर शासन को भेजी जाए, ताकि सहायता राशि सीधे अस्पताल के खाते में भेजी जा सके।
YOGI BABA: गोरखनाथ मंदिर का विधिवत दर्शन-पूजन किया
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने प्रातः शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ का विधिवत दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और गोशाला पहुंचकर गोसेवा भी की।
सीएम ने बच्चों को स्नेहाशीष दिया, दो छोटे बच्चों का अन्नप्राशन कराया
मंदिर भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री की नजर जब बच्चों पर पड़ी तो उन्होंने बच्चों को अपने पास बुलाकर उनसे पढ़ाई के बारे में बातचीत की। बच्चों को स्नेहाशीष देते हुए उन्होंने कहा कि मन लगाकर पढ़ाई करें और आगे बढ़ें। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बच्चों को मिष्ठान्न भी वितरित किया और दो छोटे बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया।
ये भी पढ़े… कैसे हुआ अजित पवार का चार्टर्ड प्लेन क्रैश? डीजीसीए ने शुरू की विस्तृत जांच







