Sunetra pawar deputy cm: महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने शनिवार को महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने मुंबई स्थित लोकभवन में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह करीब 12 मिनट तक चला। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे, एनसीपी प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे और वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। हालांकि, एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार इस समारोह में शामिल नहीं हुए।
विधायक दल की बैठक में सुनेत्रा पवार चुनी गईं नेता
शपथ ग्रहण से पहले दिन में एनसीपी विधायक दल और विधान परिषद सदस्यों की एक अहम बैठक विधान भवन परिसर में हुई, जिसमें सुनेत्रा पवार को पार्टी का नेता चुना गया। बैठक के दौरान वरिष्ठ नेता दिलीप वलसे पाटिल ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन छगन भुजबल ने किया।

राज्यसभा से दिया इस्तीफा
डिप्टी सीएम पद की शपथ से पहले सुनेत्रा पवार ने राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा दे दिया था। गौरतलब है कि 28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे में अजित पवार के निधन के बाद उपमुख्यमंत्री पद रिक्त हो गया था।
Sunetra pawar deputy cm: अजित पवार को दी गई श्रद्धांजलि
अजित पवार के आकस्मिक निधन के तीन दिन बाद आयोजित विधायक दल की बैठक का माहौल बेहद भावुक रहा। बैठक उसी कार्यालय में हुई, जहां कभी अजित पवार बैठा करते थे। बैठक की शुरुआत में सुनेत्रा पवार ने अपने दिवंगत पति की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके छोटे बेटे जय पवार भी मौजूद रहे। कई मंत्री और विधायक इस मौके पर भावुक नजर आए।
शरद पवार- शपथ की नहीं थी जानकारी
इस बीच एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार के बयान ने राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी। उन्होंने बारामती में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि उन्हें सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण की कोई पूर्व जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा, “हमें इसकी जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स से मिली। उनके दल ने क्या फैसला लिया, उसमें हमारी कोई सलाह नहीं ली गई।”शरद पवार ने यह भी दावा किया कि अजित पवार एनसीपी के दोनों गुटों के विलय के पक्ष में थे और 12 फरवरी को पार्टी के एक होने की घोषणा होनी थी, लेकिन विमान हादसे ने परिस्थितियां बदल दीं।
यह भी पढे़ : बरहमपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक की टक्कर, 5 लोगों की मौत







