Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » गाजियाबाद में 3 बहनों की मौत पर बड़ा खुलासा! पोस्टमार्टम में सच आया सामने…

गाजियाबाद में 3 बहनों की मौत पर बड़ा खुलासा! पोस्टमार्टम में सच आया सामने…

Ghaziabad sisters' suicide

Ghaziabad News: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के टीला मोड़ स्थित भारत सिटी सोसायटी की नौवीं मंजिल से कूदकर जान देने वाली तीन नाबालिग बहनों के मामले में पुलिस जांच ने शुरुआती तौर पर किसी साजिश या बाहरी हस्तक्षेप से इनकार किया है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल के रीक्रिएशन से यही सामने आया है कि तीनों बहनों ने एक-एक कर छलांग लगाई।

पोस्टमार्टम में क्या पता चला? 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम में किसी तरह की मारपीट, जबरदस्ती या पुराने चोट के निशान नहीं मिले हैं। तीनों की मौत गिरने से लगी गंभीर चोटों के कारण हुई। शरीर के अलग-अलग हिस्सों, खासकर सिर, पसलियों और पैरों में कई फ्रैक्चर पाए गए हैं। मौत का समय भी तीनों का लगभग एक जैसा बताया गया है।

वहीं मामले में ट्रांस हिंडन जोन के डीसीपी निमिष पाटिल ने बताया कि जांच टीम ने यह भी जानने के लिए सीन रीक्रिएशन किया कि कहीं किसी तरह की धक्का-मुक्की या जबरन नीचे फेंके जाने की संभावना तो नहीं है। जांच में सामने आया कि जिस स्लाइडिंग खिड़की से कूदने की बात सामने आई है, वहां से एक समय में सिर्फ एक व्यक्ति ही निकल सकता है। इससे साफ है कि तीनों बहनों ने बारी-बारी से छलांग लगाई। हालांकि यह पता नहीं चल सका कि सबसे पहले किसने कूदकर जान दी। कमरे के अंदर किसी तरह के संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले। कमरा अंदर से बंद था, जिसे पुलिस को तोड़कर खोलना पड़ा। खिड़की के शीशों और पूजा घर से फिंगरप्रिंट लिए गए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

Ghaziabad News: मार खाने से बेहतर मर जाना

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कमरा काफी सलीके से व्यवस्थित था। परिवार के साथ लड़कियों की तस्वीरें फर्श पर करीने से रखी थीं। एक डायरी और मोबाइल फोन अलग रखे मिले। खिड़की तक पहुंचने के लिए एक प्लास्टिक का स्टूल इस्तेमाल किया गया था। डायरी में मिले सुसाइड नोट में लड़कियों के मानसिक तनाव की झलक मिलती है। नोट में लिखा है कि मार खाने से बेहतर मर जाना है। शादी को लेकर भी डर और तनाव का जिक्र किया गया है। पुलिस के मुताबिक पिता से मोबाइल फोन छीने जाने और कोरियन ड्रामा देखने को लेकर हुए विवाद ने भी लड़कियों को गहरे तनाव में डाल दिया था। इन सभी पहलुओं की जांच अभी जारी है।

Report By: विभु मिश्रा

ये भी पढ़े… रील्स की चमक के पीछे का काला सच उजागर! मेरठ के इन्फ्लुएंसर शादाब जकाती पर महिला ने लगाए शोषण के गंभीर आरोप