UP News: साहिबाबाद क्षेत्र स्थित एसपीएस अपार्टमेंट में हुई बड़ी चोरी ने सोसाइटियों की कथित सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से कई फ्लैटों को निशाना बनाते हुए करीब 50 से 60 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली, जबकि सोसाइटी में तैनात सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नाकाम साबित हुई।
पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद
पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर पूरी तैयारी के साथ सोसाइटी में दाखिल हुए और करीब एक घंटे तक बिना किसी डर के चोरी करते रहे। इस दौरान लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और लगभग एक लाख रुपये नकद चोरी किए गए। चोरों ने एक नहीं बल्कि कई फ्लैटों के ताले तोड़े, जिससे साफ है कि वारदात सुनियोजित थी। पूरी घटना सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में चार अज्ञात चोर साफ नजर आ रहे हैं, जो कॉरिडोर और सीढ़ियों में खुलेआम घूमते दिख रहे हैं। इसके बावजूद न तो किसी सुरक्षा गार्ड ने उन्हें रोका और न ही समय रहते पुलिस को सूचना दी गई, जिससे सुरक्षा प्रबंधन की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है।

UP News: ठोस कार्रवाई के न होने से लोग नाराज
निवासियों का कहना है कि वे हर महीने नियमित रूप से मेंटेनेंस शुल्क देते हैं, बावजूद इसके सुरक्षा व्यवस्था नाम मात्र की रह गई है। घटना के समय गार्ड कहां थे, एंट्री-एग्जिट कैसे हुई और इतनी लंबी चोरी के दौरान किसी को भनक क्यों नहीं लगी। इन सवालों के जवाब अब तक नहीं मिले हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू करने का दावा किया है। हालांकि, पीड़ित परिवार और स्थानीय लोग अब तक किसी ठोस कार्रवाई के न होने से नाराज हैं और जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसी घटनाएं दोहराई जा सकती हैं।
Report By: विभु मिश्रा
ये भी पढ़े… गाजियाबाद में 3 बहनों की मौत पर बड़ा खुलासा! पोस्टमार्टम में सच आया सामने…







