Gold Silver Prices: मंगलवार को भारी गिरावट के बाद, बुधवार को कमोडिटी बाजार में फिर से जोरदार गतिविधि देखने को मिली। खासतौर पर कीमती धातुएँ सोना और चांदी मजबूत रिकवरी कर रही हैं। एमसीएक्स पर सुबह से ही दोनों धातुओं में तेजी का माहौल था। मंगलवार को लगभग 10,000 रुपए तक गिर चुकी चांदी भी आज फिर तेजी की ओर लौटती दिख रही है।

सोना चांदी कीमतों में तेजी
बुधवार को शुरुआती कारोबार में एमसीएक्स पर अप्रैल डिलीवरी वाला सोना लगभग 1 प्रतिशत बढ़कर 1,58,436 रुपए प्रति 10 ग्राम के इंट्रा-डे हाई तक पहुँच गया। वहीं, मार्च डिलीवरी वाली चांदी 3 प्रतिशत बढ़कर 2,62,892 रुपए प्रति किलोग्राम के उच्च स्तर पर रही।
लेख लिखे जाने तक (दोपहर 12:56 बजे) 2 अप्रैल की एक्सपायरी वाला सोना 1,554 रुपए यानी लगभग 1 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,58,357 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था। वहीं, 5 मार्च की एक्सपायरी वाली चांदी 9,401 रुपए यानी 3.72 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,61,949 रुपए प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही थी।

Gold Silver Prices: अमेरिका के आंकड़ों ने बढ़ाई उम्मीद
हालांकि, रिकॉर्ड स्तर से तुलना करें तो दोनों धातुएँ अब भी अपने ऑल टाइम हाई से काफी नीचे हैं। 29 जनवरी को सोना 1,83,000 रुपए और चांदी 4,20,000 रुपए के उच्चतम स्तर पर थी। अमेरिका में उपभोक्ता खर्च के कमजोर आंकड़े आने के बाद उम्मीद बढ़ी है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में कटौती कर सकता है। इससे सोना और चांदी की कीमतों में तेजी आई।
शुरुआती कारोबार में डॉलर इंडेक्स भी कमजोर होकर 96.80 से घटकर 96.59 पर आ गया। डॉलर कमजोर होने से विदेशी निवेशकों के लिए सोना-चांदी सस्ता हो जाता है, जिससे इसकी मांग बढ़ती है और कीमतों को सहारा मिलता है।अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी की कीमतें बढ़ी हैं। अमेरिका में दिसंबर के रिटेल सेल्स आंकड़े उम्मीद से कम रहे, जिससे संकेत मिला कि उपभोक्ता खर्च घट रहा है और अर्थव्यवस्था की गति धीमी पड़ सकती है।

ब्याज दर कटौती से सोना मजबूत
विशेषज्ञों का कहना है कि बाजार अब इस साल कम से कम तीन बार ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कर रहा है। पहले केवल दो कटौती की संभावना जताई जा रही थी। ब्याज दर कम होने से सोना और चांदी जैसे निवेश विकल्पों को फायदा होता है।कॉमेक्स गोल्ड वर्तमान में 4,900 से 5,100 डॉलर के दायरे में कारोबार कर रहा है। पहले यह 5,500 से 5,600 डॉलर तक गया था, जिसके बाद थोड़ी गिरावट आई। विशेषज्ञ इसे सामान्य मुनाफावसूली मान रहे हैं और लंबी अवधि में सोने की स्थिति मजबूत बताई जा रही है।

Gold Silver Prices: चांदी और सोने का समर्थन स्तर
चांदी के लिए कहा गया है कि उद्योगों में इसकी मांग और सप्लाई की कमी लंबे समय में कीमतों को सहारा देती है, हालांकि इसमें उतार-चढ़ाव ज्यादा रहता है। कॉमेक्स सिल्वर के लिए 65 से 70 डॉलर का स्तर मजबूत समर्थन माना जा रहा है। विश्लेषकों के अनुसार, सोने के लिए 1,55,500 और 1,54,000 रुपए का स्तर सपोर्ट है, जबकि 1,57,700 और 1,59,000 रुपए पर रेजिस्टेंस हो सकता है। चांदी के लिए 2,44,000 और 2,48,800 रुपए सपोर्ट स्तर हैं, जबकि 2,60,000 रुपए पर रेजिस्टेंस देखने को मिल सकता है।
निवेशक अब अमेरिका के रोजगार (नॉन-फार्म पेरोल) और महंगाई के आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं, ताकि फेडरल रिजर्व की आगे की ब्याज दर नीति के बारे में संकेत मिल सकें।







