Vaibhav: बिहार के समस्तीपुर से एक दिलचस्प खबर सामने आई है। अंडर-19 वर्ल्ड कप में अपने दमदार प्रदर्शन से देशभर में पहचान बनाने वाले युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी अब एक नई चुनौती के लिए तैयार हैं। क्रिकेट के मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात करने वाले वैभव का सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी हो गया है। बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हो रही हैं और ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या वैभव परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा देंगे या नहीं, सस्पेंस बरकरार
एडमिट कार्ड जारी होने के बाद समस्तीपुर में उत्साह का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, वैभव का परीक्षा केंद्र शहर के एक प्रमुख विद्यालय में बनाया गया है। स्कूल प्रशासन ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हालांकि, वैभव का क्रिकेट शेड्यूल काफी व्यस्त है, ऐसे में यह अभी स्पष्ट नहीं है कि वह सभी पेपर दे पाएंगे या नहीं।
Vaibhav: कोई विशेष व्यवस्था नहीं होगी
विद्यालय के प्राचार्य नीलकिशोर सिन्हा ने कहा कि यह न सिर्फ स्कूल बल्कि पूरे समस्तीपुर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने साफ किया कि परीक्षा में वैभव के लिए कोई विशेष व्यवस्था नहीं की जाएगी। उन्हें वही सुविधाएं मिलेंगी जो अन्य विद्यार्थियों को मिलती हैं। बता दें कि वैभव ताजपुर प्रखंड के एक निजी विद्यालय के छात्र रहे हैं और वहीं से उन्होंने 10वीं बोर्ड का फॉर्म भरा था। परीक्षा केंद्र पर लगभग 900 से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे और सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रशासन संभालेगा।
देश की नजरें वैभव पर
Vaibhav: हाल ही में अंडर-19 वर्ल्ड कप में वैभव सूर्यवंशी ने शानदार प्रदर्शन किया था। फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 80 गेंदों में 175 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। कम उम्र में ही वैभव ने यह संकेत दे दिया है कि वह भारतीय क्रिकेट का भविष्य बन सकते हैं। अब देखना होगा कि क्रिकेट के इस उभरते सितारे का प्रदर्शन परीक्षा हॉल में कैसा रहता है। समस्तीपुर ही नहीं, पूरे देश की नजरें उन पर टिकी हैं।
ये भी पढ़े: महोबा में 10 दिन में मिले नर-मादा अजगर का जोड़ा, गांव में मचा हड़कंप







