Cm yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, यातायात और उद्योग के क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। ऐसे में साफ-सफाई और पर्यावरण की सुरक्षा पहले से ज्यादा जरूरी हो गई है। उनका साफ संदेश था, “आप पर्यावरण को बचाएंगे, तभी पर्यावरण आपको बचाएगा।”
दिल्ली का उदाहरण देकर दी चेतावनी
मुख्यमंत्री ने दिल्ली की मौजूदा स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की जिंदगी घुटन भरी हो गई है। एयर क्वालिटी इंडेक्स बेहद खराब है, लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत हो रही है। डॉक्टर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को घर से बाहर न निकलने की सलाह दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके मुकाबले गोरखपुर और प्रदेश का वातावरण बेहतर है और हमें इसे बनाए रखना है। इसके लिए हर व्यक्ति को जिम्मेदारी निभानी होगी न गंदगी करेंगे और न करने देंगे।
Cm yogi: लोकार्पण कार्यक्रम में दिया संदेश
मुख्यमंत्री जंगल कौड़िया ब्लॉक में पुनर्निर्मित बीडीओ कार्यालय और बिछिया स्थित कल्याण मंडपम के लोकार्पण समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज प्रदेश में हर स्तर पर विकास कार्य हो रहे हैं और आने वाले समय में और भी योजनाएं लागू होंगी, जिनका लाभ युवाओं, महिलाओं और हर वर्ग को मिलेगा।
Cm yogi: प्रदेश का पहला वानिकी एवं उद्यान विश्वविद्यालय
मुख्यमंत्री ने बताया कि कैम्पियरगंज में प्रदेश का पहला वानिकी एवं उद्यान विज्ञान विश्वविद्यालय स्थापित किया जा रहा है। यहां से डिग्री और डिप्लोमा लेने वाले युवाओं को देश-विदेश में रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। यह विश्वविद्यालय किसानों की आय बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाएगा। साथ ही उन्होंने कैम्पियरगंज में बने गिद्धराज जटायु संरक्षण केंद्र का जिक्र करते हुए कहा कि केमिकल और पेस्टिसाइड्स के बढ़ते इस्तेमाल से गिद्धों की संख्या कम हुई है। भारतीय संस्कृति में कृतज्ञता का भाव महत्वपूर्ण है, इसलिए इनके संरक्षण के लिए यह केंद्र स्थापित किया गया है।
2017 के बाद बदला गोरखपुर
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में तेजी से बदलाव आया है। गोरखपुर में खाद कारखाना दोबारा चालू हुआ, एम्स में इलाज शुरू हुआ, बीआरडी मेडिकल कॉलेज बेहतर चिकित्सा केंद्र बना। पिपराइच की चीनी मिल फिर से चली और धुरियापार में कम्प्रेस्ड बायो गैस प्लांट शुरू हुआ। गीडा में उद्योग तेजी से बढ़ रहे हैं।
पिछली सरकारों पर निशाना
Cm yogi: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयान का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारें बेईमानी करती थीं और बीमारी लाती थीं। अब बेईमानी पर रोक लगी है और इंसेफ्लाइटिस जैसी बीमारी पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया है। मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि अगर नीयत साफ हो तो परिणाम अपने आप अच्छे आते हैं। विकास की सोच ही वर्तमान और आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बना सकती है।
ये भी पढ़े: गोरखपुर में सीएम योगी का जनता दर्शन, महाशिवरात्रि की व्यस्तता में भी सुनीं 150 लोगों की समस्याएं






