Home » उत्तर प्रदेश » अमरोहा में सड़क बनी अखाड़ा, सांप-नेवले की जंग देखने उमड़ी भीड़, वीडियो जमकर वायरल

अमरोहा में सड़क बनी अखाड़ा, सांप-नेवले की जंग देखने उमड़ी भीड़, वीडियो जमकर वायरल

अमरोहा

UP News: जनपद अमरोहा के सैद नगली थाना क्षेत्र स्थित ढक्का गलसूआ बाईपास पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब बीच सड़क पर सांप और नेवले के बीच जोरदार भिड़ंत शुरू हो गई। अचानक हुई इस घटना के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

बीच सड़क पर शुरू हुई लड़ाई

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक सांप खेतों की ओर से निकलकर सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान सामने से आए नेवले की नजर उस पर पड़ गई और उसने तुरंत हमला कर दिया। देखते ही देखते दोनों के बीच संघर्ष शुरू हो गया। सांप खुद को बचाने के लिए फुफकारता और वार करता रहा, जबकि नेवला लगातार उस पर झपट्टा मारता रहा। घटना इतनी अचानक हुई कि वाहन चालकों को अपने वाहन रोकने पड़े। कुछ ही मिनटों में सड़क के दोनों ओर बाइक, कार, ई-रिक्शा और अन्य छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और कई लोग मोबाइल फोन से वीडियो बनाने लगे।

UP News: वीडियो बनाने की होड़ से बढ़ी जाम की स्थिति

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कई वाहन चालक तमाशा देखने के लिए बीच सड़क पर ही रुक गए, जिससे जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। करीब 30 मिनट तक चली इस भिड़ंत के दौरान यातायात पूरी तरह से बाधित रहा। कुछ लोग वाहन मोड़कर वैकल्पिक रास्तों से निकलने की कोशिश करते रहे, जबकि अधिकांश वाहन फंसे रहे। हालांकि बाद में स्थानीय लोगों और समझदार वाहन चालकों ने पहल करते हुए धीरे-धीरे वाहनों को किनारे से निकालना शुरू किया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका।

पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं

स्थानीय ग्रामीणों की मानें तो ढक्का गलसूआ बाईपास के आसपास खेत, खाली प्लॉट और घनी झाड़ियां अधिक हैं। बारिश और सर्दी के मौसम में अक्सर सांप, नेवले और अन्य जंगली जीव सड़क पर आ जाते हैं। कई बार अचानक सामने आ जाने से दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। वहीं ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क किनारे झाड़ियों की नियमित सफाई कराई जाए और वन्य जीवों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए जाएं। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।

Report BY- मौ. अज़ीम

ये भी पढ़े… बस्ती में छुट्टी मांगने पहुंची महिला कांस्टेबल से SHO बोले ‘मुझे जीजा कहो’ गाली-गलौज का भी आरोप, DIG से रोते हुए लगाई न्याय की गुहार