Up News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में पुलिस और बदमाश के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी और कुख्यात गो तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
पुलिस अधिकारियों के अनुसार रविवार देर रात हुसैनाबाद मोड़ पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने के दौरान उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
Up News: जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ बदमाश
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में ही उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बबलू बट बताया, जो 25 हजार रुपये का इनामी और हिस्ट्रीशीटर अपराधी है।
तमंचा और कारतूस बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक बबलू बट के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से गो तस्करी के मामलों में सक्रिय था।
Up News: साथियों की तलाश में जुटी पुलिस
घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि बबलू बट से पूछताछ के आधार पर उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की जा रही हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसे हथियार कहां से मिले और वह किन-किन इलाकों में अवैध गतिविधियों को अंजाम देता था।
पुलिस अधिकारी का बयान
पुलिस उपाधीक्षक जय शंकर मिश्र ने बताया कि आरोपी की पुलिस को काफी समय से तलाश थी। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद हुसैनाबाद मोड़ पर चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसके दौरान यह मुठभेड़ हुई। आरोपी ने पूछताछ में कई वारदातों में शामिल होने की बात भी कबूल की है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।
ये भी पढ़े… मेरठ में बोले PM मोदी- ‘पहले से नंगी पड़ी कांग्रेस को कपड़े उतारने की जरूरत क्यों पड़ी?’






