UP News: लखीमपुर खीरी जनपद के थाना फरधान क्षेत्रान्तर्गत ग्राम खेतौसा में युवक की मौत का मामला अब गरमाता जा रहा है। रविवार को जब युवक का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुँचा, तो परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। न्याय की मांग को लेकर परिजनों ने शव का दाह संस्कार करने से साफ इन्कार कर दिया है। गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
बुलडोजर कार्रवाई की मांग
मृतक के परिजनों में प्रशासन के प्रति गहरा रोष है। उनकी स्पष्ट मांग है कि हत्या के नामजद आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए। इसके साथ ही, परिजनों ने आरोपियों के अवैध निर्माण पर ‘बुलडोजर कार्रवाई’ की भी मांग दोहराई है। चेतावनी दी गई है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं और दोषियों को सलाखों के पीछे नहीं भेजा जाता, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। इस पूरे प्रकरण में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। विशेष सूत्रों के हवाले से यह सवाल उठ रहा है कि जिस रात यह घटना हुई, उस दौरान कथित तौर पर रात करीब 2:00 बजे पुलिस गांव में मौजूद थी। इसके बावजूद दबंगों के घर से लगभग 20 भैंस और 13 बकरियां कैसे बाहर निकाल ली गईं? ग्रामीणों में इस बात को लेकर जबरदस्त आक्रोश है कि पुलिस की मौजूदगी में अपराधी अपने मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने में कैसे सफल रहे।
UP News: गांव में भारी पुलिस बल तैनात
मामले की गंभीरता और क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए उच्चाधिकारी मौके पर मौजूद हैं। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी परिजनों को समझाने-बुझाने (मान-मुनौव्वल) में जुटे हैं ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और शव का अंतिम संस्कार कराया जा सके। एहतियात के तौर पर पूरे खेतौसा गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
Report By: संजय कुमार
ये भी पढ़े… लखीमपुर में दो बड़े सड़क हादसों से मचा कोहराम, DM-SSP ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल






