Salim Wastik: गाजियाबाद के लोनी इलाके में शुक्रवार को एक्स–मुस्लिम यूट्यूबर सलीम पर हुए हमले के मामले में पुलिस सक्रिय मोड में है। हमले के पीछे आरोपियों में शामिल दोनों भाइयों में से जीशान को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। वहीं इस मामले की पुलिस जाँच में सामने आया है कि जीशान और उसके भाई गुलफाम कट्टरपंथी संगठन मुस्लिम आर्मी मेहदी से जुड़े थे। प्रारंभिक जांच में पाकिस्तान से इस मामले में जुड़े लोगों का नाम भी सामने आया है।
पाकिस्तानी यूट्यूबर ने उकसाया
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दोनों भाइयों को हत्या के लिए एक पाकिस्तानी यूट्यूबर ने उकसाया था। पुलिस का दावा है कि जीशान का खुद का यूट्यूब चैनल था और वह टेलीग्राम पर एक कट्टरपंथी संगठन से भी जुड़ा था, जिसमें लगभग 18,200 सदस्य शामिल थे। पुलिस का माना है कि इसी नेटवर्क के जरिए दोनों भाइयों को सलीम पर हमला करने के लिए प्रेरित किया गया। ये भयावक घटना शुक्रवार को हुई, जब आरोपी पहले से घात लगाए बैठे थे। मौके पर आते ही उन्होंने धारदार हथियार से सलीम के गले पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल, पुलिस आरोपियों के बाकी नेटवर्क और पाकिस्तान कनेक्शन की भी तहकीकात करने में जुटी है।
Salim Wastik: सीएम योगी ने लिया था संज्ञान
सलीम जो ‘सलीम वास्तिक 0007’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाते हैं। हाल ही में धर्म से जुड़ा बयान देने के बाद वे चर्चा में आए थे। हमले के बाद मामला संवेदनशील हो गया था और प्रदेश भर में इसकी चर्चा होने लगी थी। जिसके बाद घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत संज्ञान लिया और अधिकारियों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा था कि प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
नकाबपोश बदमाशों ने किया था हमला
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार सुबह लोनी थाना क्षेत्र में 50 वर्षीय यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया था। हमलावरों ने उन पर 14 बार चाकू से वार किया। उनकी गर्दन, पेट और कान पर गंभीर चोटें आईं। हमलावर उनका गला रेतने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सलीम के शोर मचाने पर वे उन्हें लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर उन्हें जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ये भी पढ़े… ’51 हज़ार की…’ सलीम वास्तिक के इलाज के लिए स्वामी आनंद स्वरूप ने उठाया ये बड़ा कदम!






