Israel Iran War: इजराइल-ईरान युद्ध के चलते पिछले दो दिनों में भारत में 760 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द हो चुकी हैं। सोमवार को भी दिल्ली एयरपोर्ट से 87 फ्लाइट्स कैंसिल रहीं। दिल्ली, मुंबई, कोच्चि, बेंगलुरु, चेन्नई, जयपुर और अहमदाबाद एयरपोर्ट पर हजारों यात्री फंसे हुए हैं। एयरलाइंस ने सुरक्षा कारणों से कई रूट अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं।
ओमान की खाड़ी में हमले में भारतीय नाविक की मौत
ओमान की खाड़ी में मस्कट तट के पास एक तेल टैंकर पर ड्रोन बोट से हमला किया गया। मार्शल आइलैंड्स-फ्लैग्ड टैंकर MKD VYOM को निशाना बनाया गया, जिसमें एक भारतीय नाविक की मौत हो गई। घटना के बाद समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
Israel Iran War: मिडिल ईस्ट में सुरक्षा अलर्ट, मंदिर भी बंद
बढ़ते तनाव को देखते हुए अबू धाबी स्थित BAPS हिंदू मंदिर को 9 मार्च तक श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया है। पश्चिम एशिया के कई देशों में भारतीय दूतावासों ने एडवाइजरी जारी कर नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।
Israel Iran War: PM मोदी बोले बातचीत से निकले समाधान
दिल्ली में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया की स्थिति चिंताजनक है और भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी देशों के साथ मिलकर काम कर रहा है। उन्होंने बातचीत और कूटनीति से समाधान पर जोर दिया।
खामेनेई की मौत पर भारत और PoK में प्रदर्शन
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर के बाद जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन हुए। श्रीनगर में पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। वहीं पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में प्रदर्शन हिंसक हो गए, जहां सरकारी इमारतों में आगजनी और फायरिंग में कई लोगों की मौत हुई।
यह भी पढे़ : ईरान-इज़रायल तनाव का सूरत पर असर, हजारों करोड़ का निर्यात दांव पर






