Israel Iran War: मिडिल ईस्ट में जारी जंग अब और फैलती दिख रही है। ईरान के साथ टकराव के बीच इजराइली सेना लेबनान में दाखिल हो गई है और 59 इलाकों के निवासियों को तुरंत घर खाली करने का आदेश दिया है। संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी के मुताबिक हालात बिगड़ने के बाद 30 हजार से ज्यादा लोग अपने घर छोड़कर राहत शिविरों में पहुंच चुके हैं।
लेबनान में बमबारी, 50 से ज्यादा मौतें
इजराइल ने लगातार दूसरे दिन लेबनान में ईरान समर्थित संगठन हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमले किए। सोमवार को हुई बमबारी में 50 से ज्यादा लोगों की मौत और 150 से अधिक घायल होने की खबर है। बताया जा रहा है कि बीते चार दिनों में 787 लोगों की जान जा चुकी है, 153 शहरों को निशाना बनाया गया और 504 जगहों पर 1,039 हमले हुए हैं।
Israel Iran War: खाड़ी देशों पर भी असर
बहरीन ने दावा किया है कि उसने ईरान की ओर से दागी गई 73 मिसाइलों और 91 ड्रोन को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया।
वहीं UAE के रक्षा मंत्रालय के अनुसार अब तक 186 मिसाइलें और 812 ड्रोन दागे गए, जिनमें से अधिकांश को एयर डिफेंस सिस्टम ने मार गिराया। फुजैराह के ऑयल इंडस्ट्री जोन में एक ड्रोन का मलबा गिरने से आग लगी, जिसे बाद में बुझा दिया गया।
Israel Iran War: इजराइल के शहरों पर हमला
ईरान की एक मिसाइल इजराइल के पेटाह टिकवा शहर के पास गिरी, जिससे कुछ नुकसान हुआ है। इससे पहले हिजबुल्लाह ने हाईफा के पास एक सैन्य ठिकाने पर ड्रोन और मिसाइलें दागी थीं।
मानवीय संकट गहराया
लेबनान में हजारों लोग सड़कों पर या राहत शिविरों में शरण लेने को मजबूर हैं। कई लोग ट्रैफिक जाम में फंसे हुए हैं। उधर कतर ने बताया कि हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण करीब 8 हजार यात्री ट्रांजिट में फंसे हुए हैं। जंग का दायरा लगातार बढ़ रहा है और पूरे क्षेत्र में अस्थिरता व मानवीय संकट गहराता जा रहा है।
यह भी पढे़ : भारत बन रहा वैश्विक एआई महाशक्ति: राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 से मिलेगी गति






