Home » उत्तर प्रदेश » मैनपुरी में प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी प्रेमिका को उठा ले गए लोग, वीडियो वायरल

मैनपुरी में प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी प्रेमिका को उठा ले गए लोग, वीडियो वायरल

मैनपुरी

UP News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में एक प्रेम प्रसंग को लेकर थाने के बाहर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। जहां प्रेमिका अपने प्रेमी के साथ रहने और शादी करने की जिद पर अड़ी रही, जबकि उसके परिजन उसे जबरदस्ती पकड़कर कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पहले जानें क्या है मामला?

मामला कुर्रा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, पायगांव निवासी ऋतिक यादव (25) राजस्थान के भीलवाड़ा में नौकरी करता था। वहीं उसकी मुलाकात रिंकू शर्मा (22) से हुई। दोनों के बीच करीब दो साल से प्रेम संबंध था। जब इस रिश्ते की जानकारी युवती के परिजनों को हुई तो उन्होंने भीलवाड़ा में ऋतिक के खिलाफ पुलिस से शिकायत कर दी।

कार से ले जाते हुए भी लड़की ने कार का गेट खोलकर से कूदने की कोशिश की।

शिकायत के बाद पुलिस ने ऋतिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूरे दिन पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे युवती से दूरी बनाए रखने की हिदायत देकर छोड़ दिया। इसके बाद ऋतिक अपने गांव मैनपुरी लौट आया। कुछ दिनों बाद रिंकू की ऋतिक से बातचीत हुई, जिसमें उसे पता चला कि वह अपने गांव वापस आ चुका है। इसके बाद रिंकू उसे ढूंढते हुए मैनपुरी के कुर्रा थाना क्षेत्र के पायगांव पहुंच गई। जब इस बात की जानकारी उसके परिजनों को हुई तो उन्होंने राजस्थान में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

UP News: शादी करने की जिद को लेकर हंगामा

इसके बाद राजस्थान पुलिस युवती और युवक की तलाश में मैनपुरी पहुंची और कुर्रा थाना पुलिस की मदद से दोनों को बरामद कर थाने ले आई। थाने में रिंकू ने अपने प्रेमी ऋतिक के साथ रहने और शादी करने की जिद को लेकर हंगामा कर दिया। इसी दौरान युवती के परिजन भी कार से कुर्रा थाने पहुंच गए। थाना परिसर में ही युवती और उसके परिवार के बीच काफी देर तक कहासुनी और खींचतान होती रही। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि परिजन रिंकू को पकड़कर जबरदस्ती ले जाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि वह खुद को छुड़ाकर भागने की कोशिश करती है। आखिरकार परिवार के 4-5 लोग मिलकर उसे जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए और मौके से निकल गए।

वहीं इस मामले में ऋतिक यादव का कहना है कि वह और रिंकू दोनों बालिग हैं और आपसी सहमति से शादी करना चाहते हैं। उसने पुलिस से अपनी प्रेमिका को वापस लाने की मांग भी की है। पकड़े जाने से पहले दोनों ने एक वीडियो भी जारी किया था, जिसमें रिंकू ने कहा था कि वह अपनी मर्जी से ऋतिक के पास आई है और उसी के साथ रहना चाहती है। जबकि एसपी सिटी अरुण कुमार ने बताया कि युवती की राजस्थान में गुमशुदगी दर्ज थी। इसी के आधार पर राजस्थान पुलिस मैनपुरी आई थी और युवती को अपने साथ लेकर चली गई।

ये भी पढ़े… ‘नॉनवेज खाते…’ कानपुर में भीड़ ने भूतेश्वर मंदिर के महंत को क्यों पीटा? जानें क्या है वजह

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments