Azamgarh News: यूपी के आज़मगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र से एक बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहाँ एक नाबालिग बेटे ने अपने ही पिता की ‘शादी की लत’ से तंग आकर पुलिस का दरवाजा खटखटाया है। बेटे का आरोप है कि उसका 55 वर्षीय पिता अब तक 6 शादियां कर चुका हैं और अब 7वीं बार दूल्हा बन घोड़ी चढ़ने की फ़िराक़ में हैं।
Azamgarh News: 6 शादियां कर चुका पिता, अब सातवीं की तैयारी
पीड़ित किशोर, जो अभी 12वीं कक्षा का छात्र है, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पिता की शादियों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा। बेटे के अनुसार, उसकी मां पिता की तीसरी पत्नी थी। इसके बाद भी पिता ने तीन और शादियां कीं। सबसे हालिया यानी छठी शादी साल 2024 में हुई थी, लेकिन वह पत्नी भी जमीन और जेवर के विवाद के बाद घर छोड़कर चली गई। अब पिता फिर से सातवें विवाह के लिए बिचौलियों के संपर्क में हैं।
Azamgarh News: जमीन बेचने और कर्ज का आरोप
बेटे ने भावुक होते हुए बताया कि पिता अपनी विलासिता और शादियों के शौक के लिए घर की पुश्तैनी जमीन को दांव पर लगा रहे हैं। आरोप है कि सातवीं शादी के खर्च के लिए पिता ने जमीन बेचने का सौदा किया है और 50 हजार रुपये एडवांस भी ले लिए हैं।
“मैं 12वीं का छात्र हूं, लेकिन पिता ने मुझे जबरन मजदूरी करने बाहर भेज दिया। मैं उनकी शादियों के लिए लिया गया कर्ज चुका रहा हूं और अब वे बची-कुची जमीन भी बेचना चाहते हैं।” पीड़ित बेटा
पुलिस और ग्राम प्रधान का पक्ष
इस मामले में स्थानीय ग्राम प्रधान ने भी पुष्टि की है कि व्यक्ति कई शादियां कर चुका है और परिवार की स्थिति खराब है। हालांकि, बेटे का आरोप है कि शुरुआत में पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। मामले के तूल पकड़ने पर थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि बेटे की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है। पिता को बुलाकर समझाने-बुझाने का प्रयास किया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
यह भी पढ़ें…ट्रॉफी लेकर बजरंगबली के दरबार पहुंचे सूर्यकुमार, गंभीर और शाह







