Adam Zampa Decision: 11 मार्च को तस्मानिया और न्यू साउथ वेल्स के बीच वनडे कप का फाइनल मुकाबला खेला जाना है। इस मैच से पहले ऑस्ट्रेलियाई लेग स्पिनर एडम जांपा ने एक बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने तय किया है कि वह इस खिताबी मुकाबले में नहीं खेलेंगे, ताकि युवा लेग स्पिनर तनवीर सांघा को प्लेइंग इलेवन में जगह मिल सके। सांघा इस टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं और फिलहाल सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 7 मैचों में 18 विकेट हासिल किए हैं।
परिस्थितियों ने बदला जांपा का फैसला
एडम जांपा के लिए यह सीजन थोड़ा अलग रहा है। ऑस्ट्रेलिया की टीम टी20 वर्ल्ड कप से उम्मीद से पहले बाहर हो गई थी। इसके बाद वनडे कप फाइनल की तारीख भारत की महिला टीम के खिलाफ होने वाली सीरीज के साथ टकरा गई थी, जिसके कारण कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा। इस वजह से जांपा उन खिलाड़ियों में शामिल थे जो दोनों टीमों के लिए उपलब्ध थे।

जांपा शुरुआत में फाइनल मैच खेलना चाहते थे, लेकिन जब यह स्पष्ट हुआ कि होबार्ट की परिस्थितियां दो लेग स्पिनरों के लिए ज्यादा अनुकूल नहीं हैं, तो उन्होंने खुद ही टीम से अलग रहने का फैसला कर लिया। उनका मानना था कि अगर वह खेलते हैं तो इससे तनवीर सांघा की जगह प्रभावित हो सकती है।
Adam Zampa Decision: सांघा के प्रदर्शन पर जांपा का भरोसा
इस पूरे सीजन में जांपा ने न्यू साउथ वेल्स के लिए सिर्फ एक मैच खेला है, जिसमें उन्होंने तनवीर सांघा के साथ गेंदबाजी की थी। दूसरी ओर, सांघा ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक 11 मैच खेले हैं और उनमें 18.05 की औसत से 18 विकेट ले चुके हैं।
न्यू साउथ वेल्स के चीफ परफॉर्मेंस ऑफिसर ग्रेग मेल ने ‘ईएसपीएनक्रिकइन्फो’ से बातचीत में बताया कि शुरुआत में जांपा उपलब्ध थे और खेलने की इच्छा भी रखते थे। टीम मैनेजमेंट और जांपा के बीच इस बारे में चर्चा हुई। जांपा हमेशा यह ध्यान रखते हैं कि उनकी उपलब्धता का असर तनवीर सांघा के खेलने पर न पड़े। उन्होंने साफ कहा कि सांघा इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं और अभी लगातार बेहतर हो रहे हैं, इसलिए उनकी वजह से सांघा को टीम से बाहर बैठना पड़े, यह वह नहीं चाहते।

दो लेग स्पिनर उतारना सही नहीं
ग्रेग मेल ने आगे बताया कि इसके बाद यह सवाल उठा कि बेलेरिव में होने वाले डे-नाइट मैच में क्या दो लेग स्पिनरों को खिलाना सही रहेगा। पिछले कुछ सालों में टीम ने कुछ मुकाबलों में दोनों को एक साथ मौका दिया था, लेकिन इस बार ऐसा करना सही नहीं लगा। इसलिए जब यह तय हुआ कि दो लेग स्पिनरों को खिलाना ठीक नहीं होगा, तो जांपा ने खुद ही टीम से बाहर रहने का फैसला कर लिया, ताकि तनवीर सांघा को फाइनल खेलने का मौका मिल सके।
न्यू साउथ वेल्स की टीम में कर्टिस पैटरसन (कप्तान), सीन एबॉट, जोएल डेविस, बेन ड्वार्शियस, मैथ्यू गिल्क्स, क्रिस ग्रीन, रयान हैडली, लियाम हैचर, सैम कोंस्टास, जोश फिलिप, विलियम साल्जमैन, लाचलान शॉ और तनवीर सांघा शामिल हैं।







