UP News: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में 34 वर्षीय फैशन डिजाइनर की आत्महत्या का मामला सामने आया है। युवती ने मौत से पहले एक वीडियो बनाकर अपने साथ हुए कथित उत्पीड़न और पुलिस से न्याय न मिलने का आरोप लगाया है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने जब तूल पकड़ा तो पुलिस ने आरोपी सिपाही जेंटर बाबू उर्फ जेबी गौतम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
वीडियो में लगाए गंभीर आरोप
मौत से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में युवती रोते हुए कहती नजर आ रही है कि उसने एक पुलिसकर्मी के खिलाफ थाने में शिकायत की थी, लेकिन उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। युवती का आरोप है कि आरोपी सिपाही ने उसे धमकी दी थी कि वह पुलिस में है, इसलिए उसका कुछ नहीं बिगड़ेगा। आगे युवती कहती है कि अगर कानून होने के बावजूद लड़कियों को न्याय नहीं मिलता, तो उनके पास कोई रास्ता नहीं बचता। उसने उम्मीद जताई कि उसकी मौत के बाद उसे इंसाफ मिलेगा।
UP News: सिपाही के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थी युवती
वहीं इस मामले में पुलिस की माने तो फैशन डिजाइनर पिछले करीब चार साल से आरोपी सिपाही के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। युवती उससे शादी करना चाहती थी, लेकिन सिपाही इस बात से लगातार इनकार करता रहा। इसी बात से परेशान होकर युवती ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। घटना बुधवार रात की बताई जा रही है, जबकि युवती का वीडियो बाद में सामने आया।

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास का कहना है कि युवती की ओर से ताजगंज थाने में कोई औपचारिक तहरीर नहीं दी गई थी। हालांकि, परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जेंटर बाबू उर्फ जेबी गौतम ताजगंज थाने में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में तैनात है। वह मूल रूप से कानपुर के सरदापुर गांव का रहने वाला है, जबकि मृतका कासगंज की निवासी थी। बताया जा रहा है कि युवती का अपने पति से तलाक हो चुका था और वह पिछले कुछ समय से आगरा में रह रही थी।
युवती के दो वीडियो आए सामने
युवती के दो वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। पहले वीडियो में वह कहती है कि उसने ताजगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने उसे समझाया कि मुकदमा करने पर उसे ही परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। वीडियो में युवती कहती है कि उसने चार साल तक आरोपी के साथ पत्नी की तरह जीवन बिताया, लेकिन बाद में उस पर झूठे आरोप लगाए गए। दूसरे वीडियो में युवती ने आरोपी सिपाही और उसके परिवार पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। उसने कहा कि सिपाही के परिवार की ओर से शादी की बात कही जा रही थी, जबकि सिपाही खुद शादी करने से इनकार कर रहा था। युवती ने वीडियो में ये भी कहा कि वह अपनी जान दे रही है, लेकिन चाहती है कि आरोपी को कड़ी सजा मिले।
UP News: छह साल पहले हुआ था तलाक
जानकारी के मुताबिक, युवती की शादी करीब 13 साल पहले हुई थी, लेकिन छह साल बाद उसका पति से तलाक हो गया। इसके बाद वह आगरा आकर एक अस्पताल में काम करने लगी। इसी दौरान उसकी मुलाकात आरोपी सिपाही से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। घटना के दिन युवती अपनी छोटी बहन के घर राजपुर चुंगी आई हुई थी। रात में बहन बच्चों के साथ दूसरे कमरे में सो रही थी। देर रात करीब 12:30 बजे जब बहन कमरे में पहुंची, तो युवती को पंखे से लटका हुआ पाया। इसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में युवती के पिता की तहरीर पर सदर थाने में मामला दर्ज किया गया।
भाई ने कहा—परिवार को नहीं थी जानकारी
मृतका के भाई ने बताया कि परिवार को उसकी परेशानियों के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि बहन ने घर में कभी इस बारे में चर्चा नहीं की। परिवार के मुताबिक, युवती ने लखनऊ से फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया था और वह सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर सक्रिय रहती थी। उसके अकाउंट पर आरोपी सिपाही के साथ कई वीडियो भी मौजूद बताए जा रहे हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़े… बिहार की सियासत में नई चर्चा! जदयू विधायकों का दावा ‘निशांत कुमार’ होंगे नए CM







