Rajasthan Mosque Murder: राजस्थान में एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक युवक को कथित रूप से मस्जिद के टॉयलेट में बंद कर आग लगा दी गई। गंभीर रूप से झुलसे युवक की जयपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
विवाद के बाद बढ़ा मामला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत एक मामूली विवाद से हुई। आरोपी हाफिज अब्दुल राशिद, जो स्थानीय मस्जिद का इमाम बताया जा रहा है, और मृतक हकीम पिंजारा के बीच बचा हुआ खाना फेंकने को लेकर बहस हो गई थी। हकीम ने खाने को जानवरों को देने की बात कही, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। हालांकि, उस समय स्थानीय लोगों ने मामला शांत करा दिया था।
Rajasthan Mosque Murder: टॉयलेट में बंद कर लगाई आग
अगले दिन गुरुवार सुबह हकीम मस्जिद गया, जहां कथित तौर पर आरोपी ने उसे टॉयलेट में बंद कर दिया। आरोप है कि इसके बाद पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। युवक की चीखें सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस चुका था।
अस्पताल में मौत, आरोपी फरार
गंभीर हालत में हकीम को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, वह चोरी की मोटरसाइकिल से भागा और उसकी तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
Rajasthan Mosque Murder: परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक हकीम पिंजारा दिहाड़ी मजदूर था और रमजान के चलते अपने गांव आया हुआ था। वह अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसकी मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। गांव में शोक और तनाव का माहौल है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। साथ ही इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।







