Mathura News: ब्रज क्षेत्र में ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से मशहूर गौ-रक्षक चंद्रशेखर की संदिग्ध हालात में मौत के बाद शुक्रवार देर रात मथुरा में हालात बेकाबू हो गए। गुस्साए लोगों ने दिल्ली-कोलकाता हाईवे जाम कर दिया और पुलिस पर पथराव कर दिया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
ट्रक से कुचलकर मौत, तस्करों पर आरोप
जानकारी के मुताबिक, बाबा को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अवैध रूप से गौवंश ले जाया जा रहा है। इसके बाद वह दो युवकों के साथ बाइक से ट्रक का पीछा करने निकल पड़े। करीब 7 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद उन्होंने ट्रक को ओवरटेक कर रोकने की कोशिश की। इसी दौरान ट्रक चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और उन्हें कुचलते हुए फरार हो गया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
Mathura News: हाईवे पर बवाल, 5 किमी लंबा जाम
घटना की खबर फैलते ही हजारों लोग मौके पर जुट गए। गुस्साई भीड़ ने दिल्ली-कोलकाता नेशनल हाईवे जाम कर दिया, जिससे दोनों तरफ करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। लोगों ने पुलिस की कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की और शीशे तोड़ दिए।
पुलिस से झड़प, लाठीचार्ज और आंसू गैस
मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ उग्र हो गई और पथराव शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि कुछ प्रदर्शनकारियों को भी चोटें आईं।

Mathura News: लोगों का आरोप: साजिश के तहत हत्या
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि बाबा की हत्या सुनियोजित साजिश के तहत की गई है। कई लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, यहां तक कि एनकाउंटर की मांग भी की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
CM योगी ने लिया संज्ञान
इस पूरे मामले पर योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
Mathura News: पास ही मौजूद थीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
घटना स्थल से करीब 25 किलोमीटर दूर द्रौपदी मुर्मू गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा कर रही थीं। ऐसे में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद ट्रक सवारों में से एक आरोपी को पकड़ लिया गया है, जबकि उसके दो साथी फरार हैं। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
मथुरा में ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर हत्या के आरोप हैं, तो दूसरी ओर हिंसक विरोध ने हालात को और संवेदनशील बना दिया है। प्रशासन के सामने अब शांति बहाल करने और दोषियों पर कार्रवाई की दोहरी चुनौती है।
ये भी पढ़े… क्या अब पत्रकारों-वकीलों को मिलेगा अपना घर? भूमाफिया पर दिए योगी आदित्यनाथ के बयान से क्यों मची हलचल?







