IPL 2026: शनिवार को एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 6 विकेट से हराया।
विराट कोहली का ऐतिहासिक कारनामा
इस मुकाबले में कोहली ने नाबाद 69 रनों की पारी खेलते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई और एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह आईपीएल में रन चेज करते हुए 4000 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए।
IPL 2026: खराब शुरुआत के बाद संभली आरसीबी
202 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और फिल साल्ट सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए। शुरुआती झटके के बाद टीम दबाव में थी, लेकिन कोहली ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए पारी को संभाला। उन्होंने शुरुआत में टिककर खेला और फिर मौके मिलते ही बड़े शॉट्स लगाए, जिससे टीम मैच में बनी रही।

कोहली–पडिक्कल की मैच जिताऊ साझेदारी
कोहली ने देवदत्त पडिक्कल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। पडिक्कल ने 26 गेंदों में 61 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि कोहली ने 38 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्कों की मदद से 69 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी ने विपक्षी गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में ला दिया।
IPL 2026: आरसीबी ने बनाया नया रिकॉर्ड
इन शानदार पारियों की बदौलत आरसीबी ने 202 रनों का लक्ष्य सिर्फ 15.4 ओवर में हासिल कर लिया। यह आईपीएल इतिहास में 200 से अधिक रनों के लक्ष्य का सबसे तेज सफल चेज बन गया। इससे पहले यह रिकॉर्ड राजस्थान रॉयल्स के नाम था। इस जीत के साथ आरसीबी ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी भी पेश कर दी।
गेंदबाजों और एसआरएच का प्रदर्शन
इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए एसआरएच ने 20 ओवर में 201 रन बनाए थे। टीम की ओर से कप्तान ईशान किशन ने 38 गेंदों में 80 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि अनिकेत वर्मा ने 43 रन जोड़े। वहीं, आरसीबी के लिए जैकब डफी ने डेब्यू मैच में 3 विकेट लेकर प्रभावित किया और टीम की जीत की नींव रखी।
ये भी पढ़े… वानखेड़े में क्या फिर बरसेंगे रन? जानें पिच और मौसम का पूरा अपडेट!







