PBKS vs GT Match: मंगलवार को खेले गए IPL मुकाबले में पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को रोमांचक मुकाबले में 3 विकेट से हरा दिया। न्यू चंडीगढ़ में हुए इस मैच के दौरान कई दिलचस्प रिकॉर्ड बने और कई ऐसे पल भी देखने को मिले, जिनकी चर्चा मीडिया और सोशल मीडिया पर खूब हो रही है।इस मैच में युजवेंद्र चहल ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया, जबकि अर्शदीप सिंह ने अनचाहा रिकॉर्ड बनाकर उसकी बराबरी कर ली। इसके अलावा मैच में कई रोमांचक घटनाएं भी हुईं, जिन पर सभी की नजर रही।

PBKS Vs GT मैच के खास मोमेंट्स और रिकॉर्ड
चहल ने तोड़ा रवींद्र जडेजा का रिकॉर्ड
युजवेंद्र चहल ने इस मैच में दो महत्वपूर्ण विकेट लिए। उन्होंने शुभमन गिल और जोस बटलर को आउट किया। ये दोनों विकेट पारी के 7 से 15 ओवर के बीच आए।
इन विकेटों के साथ चहल IPL इतिहास में 7 से 15 ओवर के फेज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। इस तरह उन्होंने रवींद्र जडेजा का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
PBKS vs GT Match: अर्शदीप सिंह ने 11 गेंद का ओवर फेंका
गुजरात की पारी के 20वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने कुल 11 गेंदें फेंकी। इस ओवर में उन्होंने 4 वाइड और 1 नो बॉल डाली, जिसकी वजह से ओवर पूरा करने के लिए उन्हें ज्यादा गेंदें फेंकनी पड़ीं।
इस ओवर में गुजरात टाइटंस ने 12 रन बनाए। अर्शदीप से पहले मोहम्मद सिराज, तुषार देशपांडे, शार्दूल ठाकुर, संदीप शर्मा और हार्दिक पंड्या भी IPL में 11 गेंद का ओवर फेंक चुके हैं।
दो खिलाड़ियों ने किया IPL डेब्यू
इस मुकाबले में दो खिलाड़ियों ने अपना IPL डेब्यू किया। तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को गुजरात टाइटंस की ओर से पहली बार खेलने का मौका मिला।वहीं पंजाब किंग्स की तरफ से कूपर कोनोली ने अपना पहला IPL मैच खेला।
PBKS vs GT Match: चहल ने चौथी बार गिल को किया आउट
पारी के 10वें ओवर की तीसरी गेंद पर चहल ने शुभमन गिल को आउट कर दिया। उन्होंने धीमी गेंद फेंकी, जिस पर गिल मिड-विकेट के ऊपर स्लॉग स्वीप खेलने गए।लेकिन गेंद बल्ले के बीच में नहीं आई और डीप मिड-विकेट पर खड़े कूपर कोनोली ने आसान कैच पकड़ लिया। गिल ने 27 गेंदों में 39 रन बनाए।
चहल ने IPL में गिल को चौथी बार आउट किया है। अब चहल उन गेंदबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं जिन्होंने गिल को IPL में सबसे ज्यादा बार आउट किया है। इससे पहले दीपक चाहर, भुवनेश्वर कुमार, आवेश खान, हार्दिक पंड्या और एनरिक नॉर्त्या भी गिल को चार-चार बार आउट कर चुके हैं।

जेवियर बार्टलेट का शानदार कैच
15.4 ओवर में चहल की गेंद पर जोस बटलर ने आगे बढ़कर लॉन्ग-ऑन के ऊपर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की। लेकिन गेंद सही टाइमिंग से नहीं लगी।गेंद हवा में चली गई और लॉन्ग-ऑन पर खड़े जैवियर बार्टलेट ने दाईं ओर दौड़ते हुए शानदार छलांग लगाकर बेहतरीन कैच पकड़ लिया। बटलर 33 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हुए।
PBKS vs GT Match: वॉशिंगटन सुंदर को गेंदबाजों ने रोके रखा
15.1 ओवर में सिंगल लेने के बाद वॉशिंगटन सुंदर अगली चार गेंदों पर कोई शॉट नहीं खेल पाए। उन्होंने कुल 6 गेंदें डॉट खेलीं।जैवियर बार्टलेट और मार्को यानसन ने उन्हें रन बनाने का मौका नहीं दिया। सुंदर ने 16 गेंदों में 18 रन बनाए और उनकी धीमी पारी के कारण गुजरात बड़ा स्कोर नहीं बना सकी।

राहुल तेवतिया का बैट टेस्ट
17.4 ओवर में राहुल तेवतिया बल्लेबाजी करने आए। क्रीज पर आने के बाद अंपायर ने उनका बैट चेक किया।जांच के दौरान उनका बैट टेस्ट में पास नहीं हो पाया। इसके बाद उन्हें दूसरा बैट मंगवाना पड़ा, तब जाकर वे बल्लेबाजी के लिए तैयार हुए।
प्रियांश ने छक्के से खोला खाता
पंजाब किंग्स की पारी के पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर प्रियांश आर्या ने छक्का लगाकर अपना और टीम का खाता खोला।मोहम्मद सिराज की शॉर्ट और ऑफ स्टंप के बाहर जाती गेंद पर प्रियांश ने शानदार शॉट खेला और डीप पॉइंट के ऊपर से गेंद को सीधे सीमा रेखा के पार भेज दिया।

कूपर कोनोली का 103 मीटर लंबा छक्का
पारी के 8वें ओवर की दूसरी गेंद पर राशिद खान की शॉर्ट गेंद पर कूपर कोनोली ने जोरदार शॉट खेला।गेंद लॉन्ग-ऑन के ऊपर से उड़ते हुए सीधे स्टेडियम के दूसरे टियर में जा गिरी। यह छक्का 103 मीटर लंबा था, जिसे देखकर दर्शक भी हैरान रह गए।
PBKS vs GT Match: श्रेयस अय्यर हुए चोटिल
12वें ओवर की आखिरी गेंद पर श्रेयस अय्यर चोटिल हो गए। राशिद खान की गेंद पर कूपर कोनोली ने जोरदार शॉट खेला, जो सीधे अय्यर की ओर गया।बचने की कोशिश में वे पूरी तरह हट नहीं पाए और गेंद उनकी कलाई पर जा लगी। टक्कर इतनी तेज थी कि अय्यर तुरंत मैदान पर गिर पड़े और दर्द से कराहने लगे।इसके बाद फिजियो मैदान पर आया और उन्हें आइस पैक दिया गया। हालांकि अगले ही ओवर में अय्यर कैच आउट हो गए। उन्होंने 18 रन बनाए।

कोनोली ने चौके से पूरी की फिफ्टी
16वें ओवर में कूपर कोनोली ने अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखते हुए अर्धशतक पूरा किया।उन्होंने कगिसो रबाडा की पहली ही गेंद पर चौका लगाया और 34 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। इसके साथ ही वे IPL डेब्यू में अर्धशतक लगाने वाले 25वें बल्लेबाज बन गए।

PBKS vs GT Match: कोनोली के चौके से पंजाब की जीत
मुकाबले के अंतिम क्षणों में पंजाब किंग्स को जीत के लिए कुछ रन चाहिए थे। 19वें ओवर की पहली गेंद पर कूपर कोनोली ने कवर के ऊपर शानदार चौका लगाया और टीम को जीत दिला दी।वॉशिंगटन सुंदर की फ्लैट गेंद पर उन्होंने बेहतरीन टाइमिंग के साथ शॉट खेला और पंजाब किंग्स ने यह मैच 3 विकेट से जीत लिया।
हालांकि एक समय पंजाब किंग्स की स्थिति बेहद मजबूत थी। टीम ने 109 रन तक केवल 2 विकेट खोए थे। लेकिन अचानक मैच का रुख बदल गया और 118 रन तक पहुंचते-पहुंचते टीम के 6 विकेट गिर गए।15वें ओवर में मार्कस स्टोयनिस बिना खाता खोले आउट हो गए। इसी दौरान प्रसिद्ध कृष्णा ने दो ओवर के भीतर तीन विकेट लेकर गुजरात टाइटंस को मैच में जबरदस्त वापसी कराई।







