Home » एक्सप्लनेर » क्या है तमिलनाडु का दीपथून विवाद? धार्मिक परंपरा से लेकर सियासी टकराव तक, सुप्रीम कोर्ट क्यों पहुंची विजय सरकार?

क्या है तमिलनाडु का दीपथून विवाद? धार्मिक परंपरा से लेकर सियासी टकराव तक, सुप्रीम कोर्ट क्यों पहुंची विजय सरकार?

दीपथून विवाद पर विजय सरकार की सुप्रीम कोर्ट में याचिका
दीपथून विवाद पर विजय सरकार की सुप्रीम कोर्ट में याचिका

Deepathoon Controversy: तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंड्रम पहाड़ी पर कार्तिकई दीपम के अवसर पर दीप जलाने को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। पहाड़ी पर बने पत्थर के दीप स्तंभ यानी ‘दीपथून’ पर दीप जलाने की अनुमति को लेकर अब कानूनी लड़ाई तेज हो गई है। मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर 2026 के आदेश के खिलाफ पुनर्विचार याचिका दाखिल की है। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर 2026 को दीपथून पर दीप जलाने के लिए एक बार की विशेष अनुमति दी थी। हालांकि, राज्य सरकार इस फैसले से सहमत नहीं है। उसने धार्मिक परंपराओं और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चिंताओं का हवाला देते हुए अदालत से अपने आदेश पर दोबारा विचार करने की मांग की है।

Deepathoon Controversy: क्या है तिरुप्परनकुंड्रम दीपथून विवाद?

यह पूरा विवाद मदुरै की तिरुप्परनकुंड्रम पहाड़ी पर स्थित पत्थर के एक स्तंभ पर कार्तिकई दीपम का पारंपरिक दीप जलाने से जुड़ा है। इस स्तंभ को ‘दीपथून’ कहा जाता है। तमिलनाडु सरकार का कहना है कि कार्तिकई दीपम के दौरान पारंपरिक रूप से उचिपिल्लैयार मंदिर के पास बने ‘दीपा मंडपम’ में दीप जलाया जाता रहा है। सरकार के मुताबिक, दीपथून पर दीप जलाने की कोई स्थापित धार्मिक परंपरा नहीं है।इस विवाद का एक संवेदनशील पहलू यह भी है कि जिस दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति मांगी गई है, वह पहाड़ी पर स्थित हजरत सुल्तान सिकंदर बादुशा औलिया दरगाह से लगभग 50 मीटर की दूरी पर है। दोनों धार्मिक स्थलों के बीच इतनी कम दूरी होने के कारण मामला केवल धार्मिक परंपरा तक सीमित नहीं रह गया है। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की चुनौती भी जुड़ गई है।

सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को क्या आदेश दिया?

20 नवंबर 2026 को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम पंचोली की पीठ ने इस मामले में अंतरिम आदेश दिया था। अदालत ने मद्रास हाईकोर्ट के फैसले में की गई कुछ टिप्पणियों पर रोक लगाते हुए त्योहार की नजदीकी को देखते हुए 24 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने की एक बार की विशेष अनुमति दी थी। हालांकि, अदालत ने इस अनुमति के साथ कई शर्तें भी रखी थीं।सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक, दीपथून स्थल पर आम लोगों के जाने, जुलूस निकालने या किसी तरह का प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं होगी। वहां केवल मंदिर प्रशासन यानी देवस्थानम के अधिकृत प्रतिनिधि और सरकारी अधिकारी ही जा सकेंगे। इसके अलावा, पूरी व्यवस्था की निगरानी के लिए मदुरै के जिला कलेक्टर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जरूरत पड़ने पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की तैनाती भी की जा सकती है।अदालत ने यह भी स्पष्ट किया था कि 24 नवंबर के लिए दी गई यह अनुमति केवल एक बार की व्यवस्था है। इससे किसी भी पक्ष को भविष्य में दीपथून पर दीप जलाने का स्थायी अधिकार नहीं मिलेगा और न ही इसे आने वाले वर्षों के आयोजनों के लिए उदाहरण माना जाएगा। धार्मिक अधिकारों और परंपराओं से जुड़े मूल कानूनी सवालों पर विस्तृत सुनवाई जनवरी 2027 में निर्धारित की गई है।

Deepathoon Controversy: \ सुप्रीम कोर्ट पहुंची विजय सरकार
दीपथून विवाद: सुप्रीम कोर्ट पहुंची विजय सरकार
Deepathoon Controversy: विजय सरकार ने पुनर्विचार याचिका क्यों दाखिल की?

सुप्रीम कोर्ट के आदेश में सख्त शर्तें लगाए जाने और अनुमति को केवल एक दिन तक सीमित रखने के बावजूद तमिलनाडु सरकार ने इस पर दोबारा विचार करने की मांग की है। राज्य के हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग (एचआर एंड सीई) के आयुक्त की ओर से यह पुनर्विचार याचिका दाखिल की गई है। इसमें सरकार ने मुख्य रूप से धार्मिक परंपरा में बदलाव और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को आधार बनाया है।सरकार का तर्क है कि कार्तिकई दीपम के दौरान दीप जलाने की जगह पहले से तय है और वर्षों से यह परंपरा उचिपिल्लैयार मंदिर के पास स्थित दीपा मंडपम में निभाई जाती रही है। ऐसे में दीपथून पर एक बार के लिए भी दीप जलाने की अनुमति देने से स्थापित धार्मिक प्रथाओं में बदलाव का रास्ता खुल सकता है। सरकार को आशंका है कि इससे भविष्य में एक नई परंपरा शुरू होने का आधार तैयार हो सकता है।इसके अलावा, सरकार ने दरगाह और दीपथून के बीच महज 50 मीटर की दूरी को भी अपनी दलील का आधार बनाया है। उसका कहना है कि इस स्थान पर दीप जलाने की प्रक्रिया से स्थानीय स्तर पर तनाव पैदा हो सकता है। इससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ अलग-अलग समुदायों के बीच सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका भी है।

भाजपा ने विजय सरकार पर लगाए आरोप

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ पुनर्विचार याचिका दाखिल करने के बाद तमिलनाडु की राजनीति में भी बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने मुख्यमंत्री जोसेफ विजय की पार्टी टीवीके (तमिलगा वेट्री कझगम) की सरकार पर हिंदू विरोधी रुख अपनाने और वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया है।नागेंद्रन ने सवाल उठाया कि जब दूसरे संगठन सुप्रीम कोर्ट के आदेश का सम्मान करते हुए संयम बरत रहे हैं, तो राज्य सरकार को पुनर्विचार याचिका दाखिल करने की इतनी जल्दी क्यों है? उन्होंने हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। नागेंद्रन ने कहा कि इस विभाग की जिम्मेदारी मंदिरों की संपत्तियों की रक्षा करना है। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या विभाग ‘कंधार पहाड़ी’ को ‘सिकंदर पहाड़ी’ में बदलना चाहता है?

Deepathoon Controversy: अब सुप्रीम कोर्ट के अगले फैसले पर नजर

इस पूरे मामले में अब सबकी निगाहें सुप्रीम कोर्ट पर टिकी हैं। देखना होगा कि अदालत 24 नवंबर से पहले तमिलनाडु सरकार की पुनर्विचार याचिका पर सुनवाई करती है या नहीं। साथ ही यह भी अहम होगा कि अदालत अपने 20 नवंबर के अंतरिम आदेश में कोई बदलाव करती है या दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति को पहले की तरह बरकरार रखती है।फिलहाल, 24 नवंबर के लिए दी गई विशेष अनुमति के तहत सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाने हैं। वहीं, इस विवाद का स्थायी कानूनी समाधान जनवरी 2027 में होने वाली मुख्य सुनवाई के बाद ही सामने आएगा। इस सुनवाई में अदालत धार्मिक आस्था, स्थापित परंपराओं और प्रशासनिक जिम्मेदारियों से जुड़े सभी पहलुओं पर विचार करेगी।

यह भी पढ़े- दिल्ली-नोएडा में ट्रैफिक अलर्ट, यशोभूमि और एक्सपो मार्ट के आसपास लग सकता है लंबा जाम