Home » महाराष्ट्र » बारामती में चुनाव को लेकर बड़ा टकराव? ‘निर्विरोध का दबाव नहीं चलेगा’- संजय राउत के बयान से मचा बवाल!

बारामती में चुनाव को लेकर बड़ा टकराव? ‘निर्विरोध का दबाव नहीं चलेगा’- संजय राउत के बयान से मचा बवाल!

Maharashtra News: महाराष्ट्र की बारामती विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद यह सीट खाली हुई है, जिस पर अब उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार चुनाव मैदान में उतरने जा रही हैं।

निर्विरोध जीत की कोशिशें

सूत्रों के मुताबिक, सुनेत्रा पवार को निर्विरोध जिताने की कोशिशें भी चल रही हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने उद्धव ठाकरे से फोन पर बातचीत की थी, ताकि विपक्षी दल समर्थन दे सकें और चुनाव बिना मुकाबले संपन्न हो सके।

Maharashtra News: संजय राउत का कड़ा रुख

इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने साफ कहा कि बीजेपी द्वारा निर्विरोध चुनाव का आग्रह उन पर थोपा नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि यह जनता के साथ अन्याय होगा और इस पर अंतिम फैसला महाविकास अघाड़ी (MVA) मिलकर करेगी।

‘हम खुद फैसला करेंगे’

राउत ने कहा कि महाविकास अघाड़ी में शामिल दल— शिवसेना (UBT), कांग्रेस और एनसीपी आपस में चर्चा कर निर्णय लेंगे कि चुनाव कैसे लड़ा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास पर्याप्त राजनीतिक समझ है और वे किसी दबाव में निर्णय नहीं लेंगे।

Maharashtra News: उद्धव ठाकरे से बातचीत की पुष्टि

राउत ने यह भी पुष्टि की कि सुनेत्रा पवार ने उद्धव ठाकरे से फोन पर बातचीत की थी। इस मुद्दे पर जल्द ही उद्धव ठाकरे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना रुख स्पष्ट कर सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि पवार परिवार और ठाकरे परिवार के बीच पुराने संबंधों को देखते हुए समर्थन की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन अंतिम फैसला राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखकर ही लिया जाएगा।

23 अप्रैल को होगा मतदान

बारामती विधानसभा सीट पर उपचुनाव 23 अप्रैल को होना है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह स्पष्ट हो जाएगा कि यह चुनाव मुकाबले वाला होगा या निर्विरोध। फिलहाल इस मुद्दे पर महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज है और सभी दल अपने-अपने समीकरण साधने में जुटे हैं।

ये भी पढ़े… असम चुनाव में बड़ा सियासी घमासान- CM सरमा की पत्नी पर कांग्रेस के गंभीर आरोप, 48 घंटे में कार्रवाई की चेतावनी, मची हलचल