UP News: उत्तर प्रदेश के शामली जिले से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने एक बार फिर लोन ऐप के खतरनाक जाल को उजागर कर दिया है। यहां कांधला क्षेत्र के नानूपुरी गांव में 27 वर्षीय युवक बिलाल की आत्महत्या के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। सामने आए वीडियो इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि कैसे डिजिटल लोन ऐप्स आम लोगों को जाल में फंसाकर मानसिक और आर्थिक रूप से तोड़ रहे हैं।
मौत से पहले वीडियो में बयां किया दर्द
मृतक बिलाल ने आत्महत्या से पहले अपने दोस्तों और बहनों को दो वीडियो भेजे, जो अब इस केस की सबसे अहम कड़ी बन चुके हैं। इन वीडियो में उसने खुलासा किया कि कैसे एक लोन ऐप के जरिए वह कर्ज के जाल में फंस गया और लगातार बढ़ते दबाव, धमकी और मानसिक प्रताड़ना ने उसे यह खौफनाक कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।

परिजनों के मुताबिक, बिलाल ने कुछ महीने पहले एक लोन ऐप से करीब 50 हजार रुपये उधार लिए थे। हैरानी की बात यह है कि उसने अब तक करीब 5 लाख रुपये चुका दिए थे, फिर भी उससे और पैसे की मांग की जा रही थी। यह मामला लोन ऐप्स की अवैध वसूली और शोषण की गंभीर तस्वीर पेश करता है।
UP News: अश्लील फोटो बनाकर ब्लैकमेलिंग का आरोप
परिवार ने आरोप लगाया कि लोन ऐप संचालकों ने बिलाल की तस्वीर से छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक फोटो तैयार की और उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। इस तरह की हरकतों ने उसकी मानसिक स्थिति को पूरी तरह तोड़ दिया। जिसके बाद 14 अप्रैल को गांव के जंगल में बिलाल का शव मिला। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव को दफना दिया। लेकिन अब वीडियो सामने आने के बाद मामला गंभीर हो गया और पुलिस भी सक्रिय हो गई है।
अपने आखिरी वीडियो में बिलाल ने साफ कहा कि उसकी मौत के लिए उसके परिवार का कोई दोष नहीं है। उसने अपने माता-पिता, पत्नी और बच्चों का ख्याल रखने की अपील की। यह वीडियो न सिर्फ एक व्यक्ति की पीड़ा को दिखाता है, बल्कि समाज के लिए भी चेतावनी है। वहीं इस मामले में प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि परिजनों ने लोन ऐप कंपनी के खिलाफ ठगी और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। पुलिस वीडियो और व्हाट्सएप चैट के आधार पर मामले की जांच कर रही है।








