UP News: मुजफ्फरनगर के तितावी थाने से जुड़े कथित रिश्वतकांड में बड़ा प्रशासनिक एक्शन सामने आया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने वायरल ऑडियो-वीडियो प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए तितावी थानाध्यक्ष पवन चौधरी, हेड कांस्टेबल अनीस खान और सिपाही नवीन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है।
क्या था मामला?
यह प्रकरण बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के जौला गांव से जुड़ा है, जहां कथित तौर पर नशा तस्करों के नाम सूची से हटाने के एवज में रिश्वत लेने का आरोप लगा था। चरथावल क्षेत्र की एक महिला संजीदा उर्फ मोटी द्वारा वायरल किए गए ऑडियो और वीडियो ने मामले को तूल दिया। इन क्लिप्स में कथित तौर पर लाखों रुपये की डील और बातचीत सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने सामान्य ‘लाइन हाजिर’ की कार्रवाई के बजाय सीधे निलंबन का फैसला लिया। इससे साफ संकेत मिलता है कि भ्रष्टाचार के आरोपों पर सख्ती से निपटा जा रहा है।

UP News: तीन पुलिसकर्मी निलंबित
वहीं, बघरा चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार को तितावी थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह कदम थाना स्तर पर पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया माना जा रहा है। वहीं इस मामले में एसपी देहात महादिक अक्षय संजय ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।








