Pahalgam Terror Attack: राजनाथ सिंह ने पहलगाम आतंकी हमला की पहली बरसी पर पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश उन जख्मों को कभी नहीं भूलेगा और भारत या उसके नागरिकों को नुकसान पहुंचाने की हर कोशिश का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
श्रद्धांजलि और संकल्प
रक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को राष्ट्र कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि देश इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है।
Pahalgam Terror Attack: आतंकवाद पर कड़ा संदेश
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत लंबे समय से सीमा पार आतंकवाद का सामना कर रहा है, लेकिन अब देश की प्रतिक्रिया पहले से अधिक दृढ़, निर्णायक और अडिग है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत की एकता और नागरिकों की सुरक्षा को चुनौती देने वालों को पूरी ताकत से जवाब दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने भी किया याद
इस मौके पर नरेंद्र मोदी ने भी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि देश आतंकवाद के आगे कभी नहीं झुकेगा और आतंकियों के नापाक मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे। प्रधानमंत्री ने शोकग्रस्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
Pahalgam Terror Attack: हमले की पृष्ठभूमि
गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए इस आतंकी हमले में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने धर्म पूछकर 26 लोगों की हत्या कर दी थी। मारे गए लोगों में 25 पर्यटक और एक स्थानीय नागरिक शामिल था, जिसने पर्यटकों को बचाने की कोशिश की थी। यह हाल के वर्षों में नागरिकों को निशाना बनाकर किए गए सबसे क्रूर हमलों में से एक माना जाता है।
ये भी पढ़े… तीसरे पायदान पर SRH, अभिषेक शर्मा के सिर सजी ऑरेंज कैप- अब किसे मिलेगा ताज?








