Sonam Raghuvanshi Bail: इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी को जमानत मिल गई है। वह मेघालय के शिलॉन्ग जेल में बंद थी, जहां स्थानीय अदालत ने चौथी सुनवाई के बाद उसे राहत दी। शिलॉन्ग पुलिस के एसपी विवेक स्येम के मुताबिक, कोर्ट ने अपने अधिकार का इस्तेमाल करते हुए जमानत मंजूर की है। वहीं परिवार के अनुसार, सोनम को जल्द जेल से रिहा किया जा सकता है।
जमानत का आधार क्या रहा
जमानत के दौरान सोनम के वकील ने दलील दी कि उसे उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से उठाते समय पुलिस ने गिरफ्तारी का स्पष्ट कारण नहीं बताया था। इसी आधार पर कोर्ट में तर्क रखे गए, जिसके बाद जमानत मंजूर हुई।
Sonam Raghuvanshi Bail: 5 में से 4 आरोपी जमानत पर
इस मामले में गिरफ्तार 5 आरोपियों में से अब तक 4 को जमानत मिल चुकी है। इनमें सोनम के अलावा लोकेंद्र सिंह तोमर, बलबीर अहिरवार और शिलोम जेम्स शामिल हैं। जबकि मुख्य आरोपी के तौर पर नाम सामने आया राज कुशवाहा अभी भी जेल में है।
Sonam Raghuvanshi Bail: हनीमून के दौरान हुई थी हत्या
राजा रघुवंशी की शादी 11 मई 2025 को हुई थी। 21 मई को वे पत्नी सोनम के साथ हनीमून के लिए शिलॉन्ग गए, जहां 23 मई को दोनों लापता हो गए। करीब 10 दिन बाद राजा का शव 30 फीट गहरी खाई से बरामद हुआ, जिस पर धारदार हथियार के कई घाव थे।
जांच में सामने आया कि सोनम ने कथित तौर पर अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। वारदात के बाद वह फरार हो गई थी और बाद में उत्तर प्रदेश में सरेंडर किया था।
पहले तीन बार खारिज हुई थी जमानत
सोनम जून 2025 से जेल में बंद थी। इससे पहले उसकी जमानत याचिका तीन बार खारिज हो चुकी थी, लेकिन चौथी बार कोर्ट ने उसे राहत दे दी।








