Jalaun Expressway Accident: हरियाणा के नूंह जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश पुलिस के पांच जवानों की मौत हो गई। मृतकों में दो दरोगा, दो सिपाही और एक चालक शामिल हैं। सभी पुलिसकर्मी जालौन जिले के उरई में तैनात थे और एक अपहरण मामले में दबिश देने जा रहे थे।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिसकर्मियों की स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में पलवल की ओर जा रही थी। इसी दौरान ड्राइवर ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से गाड़ी सामने वाले वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांचों लोग बुरी तरह फंस गए।
Jalaun Expressway Accident: रेस्क्यू में करनी पड़ी कड़ी मशक्कत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक सभी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वाहन के मलबे में शव फंसे होने के कारण रेस्क्यू टीम को उन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतकों की पहचान, जांच जारी
मौके से मिले आईकार्ड के आधार पर मृतकों की पहचान एएसआई मोहित यादव, सत्यभान, अशोक और प्रदीप के रूप में हुई है, जबकि एक अन्य की पहचान अभी नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
Jalaun Expressway Accident: पुलिस महकमे में शोक की लहर
इस हादसे के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में शोक की लहर है। स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों को सूचना देकर शवों को उनके गृह जनपद भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।








