Tamil Nadu politics: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे आने के बाद एक्टर थलापति विजय की काफी चर्चा हो रही है। उनकी पार्टी TVK ने 234 सीटों में से 108 सीटें जीती हैं और सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। लेकिन अभी सरकार बनाने को लेकर मामला फंसा हुआ है। राज्यपाल अर्लेकर ने विजय से कहा है कि पहले बहुमत साबित करें, उसके बाद ही सरकार बनाने का मौका मिलेगा।
दरअसल, गुरुवार (07 मई, 2026) सुबह TVK चीफ विजय ने राज्यपाल अर्लेकर से मुलाकात की। समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, इस मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने विजय से कहा कि तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए पहले उन्हें बहुमत साबित करना होगा।
गवर्नर ने कहा, ‘TVK प्रमुख विजय शपथ तभी ले सकते हैं, जब बहुमत साबित हो जाए।’तमिलनाडु के राज्यपाल एक स्थिर सरकार चाहते हैं। सूत्रों के अनुसार, बहुमत साबित होते ही विजय शपथ ले सकेंगे।

6 मई को विजय ने पेश किया था सरकार बनाने का दावा
एक्टर से नेता बने TVK प्रमुख विजय ने बुधवार को तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में TVK ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी का दर्जा हासिल किया है। वहीं, कांग्रेस का समर्थन मिलने के बाद भी पार्टी को बहुमत के लिए अभी 5 विधायकों की जरूरत है।
तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 118 सीटों का है। TVK संस्थापक विजय ने राज्यपाल के निमंत्रण पर दोपहर 3:15 बजे लोकभवन पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी उनके साथ मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक और पार्टी के समर्थन के ऐलान के कुछ घंटों बाद ही विजय ने राज्यपाल से मुलाकात की थी।









