Up news: उत्तर प्रदेश के सीतापुर से चोरी की एक बेहद अनोखी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां एक युवक ने दुकान से कृषि उपकरण चोरी तो किया, लेकिन जाते-जाते दुकानदार के नाम ऐसा पत्र छोड़ गया जिसे पढ़कर लोग भी चौंक गए। युवक ने खुद को मजबूर बताते हुए तीन साल के भीतर ब्याज सहित पूरी रकम लौटाने का वादा किया।
चोरी से पहले छोड़ गया भावुक चिट्ठी
मामला महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है। आरोपी युवक सुयश पटेल अपने एक साथी के साथ दुकान से रोटरी वेटर उठा ले गया। युवक को लगा कि यह जुताई में इस्तेमाल होने वाला महंगा उपकरण है, लेकिन बाद में पता चला कि वह उसके किसी काम का नहीं है। चोरी के बाद युवक ने दुकानदार के नाम एक पत्र छोड़ा। इसमें उसने लिखा कि आर्थिक तंगी और दोस्तों की वजह से वह गलत रास्ते पर चला गया। उसने दावा किया कि तीन साल के भीतर वह मशीन की पूरी कीमत ब्याज समेत लौटा देगा।
Up news: पत्र में लिखी ये बात हुई वायरल
युवक ने अपने पत्र में लिखा, “जय श्री राम, मैं आपका यह उपकरण लेकर जा रहा हूं। इसकी कीमत करीब 90 हजार रुपये है। तीन साल में 10 प्रतिशत ब्याज के हिसाब से 27 हजार रुपये और जोड़कर कुल 1 लाख 17 हजार रुपये आपको लौटा दूंगा। मैं बहुत कठिन समय से गुजर रहा हूं। मेरे कुछ दोस्तों ने मुझे बर्बाद कर दिया। कृपया मुझ पर विश्वास करें।” अब यह पत्र सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
Up news: काम का नहीं निकला उपकरण तो लौटाने पहुंच गया
बताया जा रहा है कि चोरी के बाद युवक मशीन का इस्तेमाल नहीं कर पाया। जब उसे लगा कि यह उसके काम की नहीं है, तो वह देर रात ट्रैक्टर पर लादकर मशीन वापस दुकान पर रखने पहुंच गया। इसी दौरान दुकानदार को भनक लग गई। ग्रामीणों की मदद से युवक और उसके साथी को मौके पर पकड़ लिया गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी किया गया उपकरण और ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
Up news: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी लबरहा गांव के रहने वाले हैं। फिलहाल तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें: जीजा-साली निकले ‘बंटी-बबली’, गुजरात में चोरी कर जी रहे थे लग्जरी लाइफ








