Hantavirus Alert: अमेरिका और यूरोप के कई देशों में इस समय स्वास्थ्य एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। वजह है एक दुर्लभ Hantavirus स्ट्रेन, जिसने एक क्रूज शिप पर कई लोगों को संक्रमित कर दिया। इस वायरस से अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारत सरकार ने भी निगरानी बढ़ा दी है। नीदरलैंड के क्रूज शिप MV Hondius पर मिले संक्रमण ने दुनियाभर के हेल्थ सिस्टम की चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक जहाज पर मिले मामलों में Andes strain का Hantavirus पाया गया है, जो इंसान से इंसान में सीमित रूप से फैल सकता है।
भारत सरकार ने बढ़ाई निगरानी
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सर्विलांस तेज कर दिया है। National Centre for Disease Control (NCDC), IDSP और WHO के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक Public Health Emergency Operations Centre (PHEOC) में इस मामले को लेकर हाई लेवल मीटिंग भी की गई। इसमें निगरानी, तैयारी और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय पर चर्चा हुई।
Hantavirus Alert: 5 संक्रमित, 3 लोगों की मौत
WHO की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, MV Hondius जहाज पर 8 संदिग्ध मामले मिले थे। इनमें से 5 लोगों में Hantavirus संक्रमण की पुष्टि हुई है। अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है। जहाज पर अलग-अलग देशों के यात्री और क्रू मेंबर मौजूद थे। इसी वजह से कई देशों में कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और हेल्थ मॉनिटरिंग शुरू कर दी गई है।
जहाज पर मौजूद हैं 2 भारतीय
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस क्रूज शिप पर 2 भारतीय नागरिक भी मौजूद हैं। फिलहाल दोनों में किसी तरह के लक्षण नहीं मिले हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी में रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
Hantavirus Alert: क्या है Andes Hantavirus?
WHO के मुताबिक Hantavirus आमतौर पर संक्रमित चूहों और दूसरे कृंतकों के यूरिन, लार या मल के संपर्क में आने से फैलता है। MV Hondius पर मिला Andes strain मुख्य रूप से दक्षिण अमेरिका में पाया जाता है। इसकी सबसे बड़ी चिंता यह है कि यह सीमित रूप से इंसान से इंसान में फैल सकता है। हालांकि इसके लिए लंबे समय तक बहुत करीबी संपर्क जरूरी माना जाता है। WHO एक्सपर्ट मारिया वैन केरखोव ने साफ कहा है कि यह वायरस कोविड-19 या फ्लू की तरह तेजी से फैलने वाला नहीं है।
क्या हैं इसके लक्षण?
अमेरिका की CDC एजेंसी के अनुसार Hantavirus के शुरुआती लक्षण फ्लू जैसे हो सकते हैं, जैसे: बुखार, बदन दर्द, कमजोरी और थकान, सिर दर्द, गंभीर मामलों में सांस लेने में दिक्कत।
Hantavirus Alert: WHO क्या कर रहा है?
WHO इस मामले में कई स्तर पर काम कर रहा है, जिनमें शामिल हैं: संक्रमित लोगों की जांच, कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग, यात्रियों की निगरानी, सुरक्षित तरीके से जहाज से उतारने की व्यवस्था, देशों के बीच हेल्थ कोऑर्डिनेशन।
कोविड जैसी स्थिति नहीं
Hantavirus Alert: WHO और स्वास्थ्य विशेषज्ञ लगातार स्पष्ट कर रहे हैं कि यह स्थिति कोविड-19 जैसी नहीं है। यह वायरस हवा में तेजी से नहीं फैलता और संक्रमण के लिए लंबे समय तक करीबी संपर्क जरूरी होता है। फिलहाल आम लोगों के लिए खतरा कम बताया गया है, लेकिन एहतियात के तौर पर दुनियाभर की स्वास्थ्य एजेंसियां निगरानी बनाए हुए हैं।
ये भी पढ़े: पीएम मोदी ने बंगाल हिंसा में जान गंवाने वाले बीजेपी कार्यकर्ताओं के परिजनों से की मुलाकात








