Tamilnadu politics: तमिलनाडु में नई सरकार बनने के बाद अब विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने जा रही है। तमिलनाडु विधानसभा की 17वीं बैठक सोमवार 11 मई को सुबह 9:30 बजे सचिवालय में आयोजित होगी। इस दौरान सभी नवनिर्वाचित विधायक शपथ लेंगे। इसके अगले दिन विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा। इस बीच डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन को पहले ही विधानसभा में विपक्ष का नेता चुना जा चुका है। वह डीएमके विधायक दल के नेता की भूमिका भी निभाएंगे।
एमवी करुप्पैया बने कार्यवाहक अध्यक्ष
टीवीके नेता एमवी करुप्पैया को तमिलनाडु विधानसभा का कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने रविवार को मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की मौजूदगी में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर के सामने शपथ ली। करुप्पैया शोलावंदन सीट से विधायक चुने गए हैं और अब वे विधानसभा के सभी नए सदस्यों को शपथ दिलाने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
Tamilnadu politics: विजय ने ली तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ
अभिनेता से नेता बने सी जोसेफ विजय ने ऐतिहासिक जीत के बाद तमिलनाडु के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित समारोह में राज्यपाल अर्लेकर ने विजय और उनके मंत्रिमंडल के नौ मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने के बाद विजय ने फोर्ट सेंट जॉर्ज स्थित सचिवालय पहुंचकर आधिकारिक रूप से पदभार संभाला। इसके बाद उन्होंने पेरियार ईवी रामास्वामी स्मारक पहुंचकर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
Tamilnadu politics: पहले ही चुनाव में टीवीके की बड़ी जीत
2026 तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटें जीत लीं। पार्टी ने अपने पहले ही चुनाव में डीएमके और एआईएडीएमके के लंबे राजनीतिक वर्चस्व को चुनौती दे दी। ‘थलपति’ के नाम से लोकप्रिय विजय के राजनीतिक उदय की तुलना पूर्व मुख्यमंत्री एमजी रामचंद्रन से की जा रही है।
पेरम्बूर सीट रखेंगे विजय
मुख्यमंत्री बनने से पहले विजय ने तिरुचिरापल्ली पूर्व विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया। विधानसभा सचिवालय के अनुसार उन्होंने पेरम्बूर सीट अपने पास रखी है। इस संबंध में उन्होंने विधानसभा के प्रधान सचिव को आधिकारिक पत्र भी भेजा।
राहुल गांधी भी रहे मौजूद
Tamilnadu politics: शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए। उनके साथ कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई (एम) और वीसीके के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। अपने पहले संबोधन में विजय ने कहा कि तमिलनाडु में अब “धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय के नए युग” की शुरुआत होगी। उन्होंने जनता का धन्यवाद करते हुए सभी से मिलकर राज्य को नई दिशा देने की अपील की।
ये भी पढ़ें: नेपाल के दार्चुला में भूकंप के झटकों से दहशत, लोग घरों से बाहर निकले








