Breaking News
Home » Foreign Affairs » ईरान ने अमेरिका के सीजफायर प्रस्ताव का दिया जवाब, कहा- स्थायी समाधान चाहता है तेहरान

ईरान ने अमेरिका के सीजफायर प्रस्ताव का दिया जवाब, कहा- स्थायी समाधान चाहता है तेहरान

Iran crisis: मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव के बीच ईरान ने अमेरिका की ओर से भेजे गए सीजफायर प्रस्ताव पर अपना जवाब दे दिया है। ईरान की सरकारी मीडिया के मुताबिक यह जवाब पाकिस्तानी मध्यस्थों के जरिए भेजा गया है। तेहरान ने साफ किया है कि उसका मुख्य फोकस केवल अस्थायी युद्धविराम नहीं, बल्कि पूरे संघर्ष का स्थायी समाधान निकालना है।

युद्ध खत्म करने के पक्ष में ईरान

ईरानी सरकारी टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान लेबनान समेत सभी मोर्चों पर युद्ध को पूरी तरह खत्म करना चाहता है। साथ ही उसने समुद्री व्यापार और अंतरराष्ट्रीय शिपिंग की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी बात कही है। अमेरिका की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में युद्ध समाप्त करने, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ को दोबारा खोलने और ईरान के परमाणु कार्यक्रम को सीमित करने जैसे मुद्दे शामिल थे। हालांकि ईरान फिलहाल परमाणु कार्यक्रम पर तुरंत बातचीत के मूड में नहीं दिख रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक तेहरान इस मुद्दे पर बाद में चर्चा करना चाहता है।

Iran crisis: व्हाइट हाउस की तरफ से नहीं आया आधिकारिक बयान

ईरान के जवाब के बाद अभी तक व्हाइट हाउस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत माइक वॉल्टज ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सैन्य कार्रवाई से पहले कूटनीतिक प्रयासों को पूरा मौका देना चाहते हैं।

Iran crisis: ट्रंप ने दी थी बमबारी की चेतावनी

इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ को अंतरराष्ट्रीय जहाजों के लिए दोबारा नहीं खोला गया और समझौता नहीं हुआ, तो ईरान पर नए सिरे से बमबारी की जा सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक हाल ही में अमेरिकी सेना ने एक ईरानी तेल टैंकर पर भी कार्रवाई की थी, जो कथित तौर पर अमेरिकी नाकाबंदी को तोड़ने की कोशिश कर रहा था।

सोशल मीडिया पर ट्रंप का बड़ा बयान

Iran crisis: डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि ईरान के साथ जारी युद्ध जल्द खत्म हो सकता है और तेल व प्राकृतिक गैस की सप्लाई फिर से सामान्य हो सकती है। हालांकि उन्होंने यह भी साफ कहा कि सबकुछ इस बात पर निर्भर करेगा कि ईरान अमेरिकी प्रस्ताव को स्वीकार करता है या नहीं। ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा, “अगर ईरान सहमत नहीं होता है, तो बमबारी शुरू होगी।”

 

 

ये भी पढ़ें: नेपाल के दार्चुला में भूकंप के झटकों से दहशत, लोग घरों से बाहर निकले