Indore Fire news: मध्य प्रदेश के Indore के नवलखा इलाके में सोमवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तीन इमली के पास स्थित बस पार्किंग में अचानक लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते पांच बसें आग की चपेट में आ गईं। आग की लपटें कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं।
वेल्डिंग के दौरान लगी आग
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक पार्किंग में खड़ी एक बस में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग से निकली चिंगारी के कारण बस में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने आसपास खड़ी अन्य बसों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
Indore Fire news: धमाकों से मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के दौरान लगातार चार तेज धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। लोगों का कहना है कि धमाके गैस सिलेंडर फटने जैसे थे, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। धमाकों के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
Indore Fire news: पार्किंग में खड़ी थीं 20 से ज्यादा बसें
हादसे के वक्त पार्किंग में 20 से ज्यादा बसें खड़ी थीं। आग फैलते देख स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने बाकी बसों को तुरंत वहां से हटाया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। आग की लपटें और धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।
रिहायशी इलाके में फैली दहशत
बस पार्किंग के आसपास रिहायशी बस्ती होने के कारण लोगों में दहशत फैल गई। कई परिवार घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय पार्षद Manish Sharma ने आरोप लगाया कि रिहायशी इलाके में निजी बसों की पार्किंग और मरम्मत को लेकर पहले भी शिकायतें की जा चुकी थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
एक घंटे बाद आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस के मुताबिक हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े: नेहरू प्लेस में नॉर्थ ईस्ट की युवती और उसकी दोस्त से बदसलूकी, पीछा कर की मारपीट








