Priya Saroj News: सपा सांसद प्रिया सरोज ने सोशल मीडिया पर उनकी कथित एआई जनरेटेड आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल किए जाने के मामले में भाजपा नेता समेत दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। मछलीशहर से सांसद और भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह की मंगेतर प्रिया सरोज ने आरोप लगाया है कि उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि खराब करने की कोशिश की गई।
फर्जी तस्वीर वायरल की गई
सपा सांसद ने साइबर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए भाजपा नेता आमोद सिंह और अधिवक्ता विशाल सिंह पर झूठी और भ्रामक सामग्री सोशल मीडिया पर शेयर करने का आरोप लगाया है। शिकायत में उन्होंने कहा कि एआई तकनीक का इस्तेमाल कर उनकी फर्जी तस्वीरें बनाई गईं और उन्हें आपत्तिजनक टिप्पणियों के साथ वायरल किया गया।
Priya Saroj News: ‘महिलाओं के खिलाफ साइबर अपराध बढ़ रहे’
प्रिया सरोज ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह “नकली तस्वीरों के जरिए बदनाम करने की साजिश” है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने जानबूझकर एआई जनरेटेड तस्वीरें शेयर कर उनके खिलाफ गलत माहौल बनाने की कोशिश की। उन्होंने कहा, “महिलाओं के खिलाफ एआई आधारित साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और यह उसी का उदाहरण है। इस तरह की हरकतों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।”
स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे
सपा सांसद ने अपनी शिकायत के साथ सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे हैं। उनका कहना है कि आरोपियों ने जानबूझकर उनकी प्रतिष्ठा धूमिल करने के उद्देश्य से फर्जी तस्वीरों और भ्रामक पोस्ट का इस्तेमाल किया।
मामले में आरोपी आमोद सिंह को जौनपुर भाजपा का जिला मीडिया प्रभारी बताया जा रहा है। हालांकि इस मामले में अभी तक आरोपियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Priya Saroj News: सोशल मीडिया पर बढ़ी चर्चा
मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसको लेकर बहस तेज हो गई है। कई लोग प्रिया सरोज के समर्थन में सामने आए हैं और एआई तकनीक के दुरुपयोग पर चिंता जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े… आसनसोल में हंगामा! लाउडस्पीकर विवाद ने बिगाड़े हालात, पुलिस चौकी में तोड़फोड़








