Breaking News
Home » राजस्थान » त्रिवेंद्रम-निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के 2 कोच में लगी आग, गार्ड के अलर्ट पर ट्रेन रोकी गई, 68 यात्री सुरक्षित निकाले गए

त्रिवेंद्रम-निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के 2 कोच में लगी आग, गार्ड के अलर्ट पर ट्रेन रोकी गई, 68 यात्री सुरक्षित निकाले गए

Rajdhani Train Fire: रविवार सुबह कोटा मंडल में उस समय हड़कंप मच गया, जब त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के दो कोच में अचानक आग लग गई। यह हादसा सुबह करीब 5:15 बजे मध्य प्रदेश के लूणी रीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुआ। आग ट्रेन के बी-1 एसी कोच और उसके पीछे लगे सेकेंड लगेज कम गार्ड वैन में लगी थी।

गार्ड ने सबसे पहले दी आग लगने की सूचना

घटना की जानकारी सबसे पहले ट्रेन के गार्ड ने लोको पायलट को दी। सूचना मिलते ही ट्रेन को तुरंत रोका गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, बी-1 कोच में कुल 68 यात्री सफर कर रहे थे। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री के घायल होने या जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।

15 मिनट में खाली कराया गया पूरा कोच

रेलवे की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 15 मिनट के अंदर पूरे कोच को खाली करा लिया। हालांकि, कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे कोच को अपनी चपेट में ले लिया था। इसके बाद आग पीछे लगे लगेज वैन तक भी पहुंच गई। इस वैन में यात्रियों का सामान रखा हुआ था, जो आग में जलकर खराब हो गया। अधिकारियों ने बताया कि लगेज वैन में कोई यात्री मौजूद नहीं था।

त्रिवेंद्रम राजधानी एक्सप्रेस रविवार सुबह करीब 3:45 बजे रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी। ट्रेन का अगला स्टॉप कोटा जंक्शन था, जहां इसे सुबह 8:45 बजे पहुंचना था। लेकिन राजस्थान में प्रवेश करने से पहले ही विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के पास यह हादसा हो गया।

बिजली सप्लाई बंद कर ट्रेन को अलग किया गया

आग लगने के बाद रेलवे प्रशासन ने तुरंत ट्रेन का बिजली कनेक्शन काट दिया। साथ ही प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया। सुरक्षा के तौर पर दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर रेल यातायात भी कुछ समय के लिए रोक दिया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

यात्रियों को दूसरे कोच में किया गया शिफ्ट

हादसे के बाद यात्रियों को दूसरे कोच में भेजा गया ताकि उनकी यात्रा जारी रह सके। करीब चार घंटे की देरी के बाद ट्रेन को सुबह 9 बजे कोटा के लिए रवाना किया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कोटा स्टेशन पर ट्रेन में एक अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा, जिसमें प्रभावित कोच के यात्रियों को बैठाया जाएगा।

Rajdhani Train Fire: कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित

इस हादसे का असर दिल्ली-मुंबई रेलवे रूट पर चलने वाली कई ट्रेनों पर भी पड़ा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि दोनों दिशाओं में 5 से 6 ट्रेनों का शेड्यूल प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। इनमें मुंबई-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12955) भी शामिल है, जिसे विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन पर रोका गया।

यात्रियों के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। इन नंबरों के जरिए यात्री ट्रेनों की टाइमिंग और अन्य जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

इससे पहले 29 अप्रैल को राजस्थान के धौलपुर में भी एक ट्रेन में आग लगने की घटना सामने आई थी। दुर्ग से लुधियाना जा रही ट्रेन नंबर 12549 के जनरल कोच के निचले हिस्से में आग लग गई थी। उस समय भी यात्रियों को तुरंत कोच से बाहर निकाल लिया गया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

ये भी पढ़ें…11वीं शताब्दी की ऐतिहासिक धरोहर भारत लौटी, नीदरलैंड ने लौटाए चोल साम्राज्य के दुर्लभ ताम्रपत्र

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments