Breaking News
Home » राष्ट्रीय » NEET पेपर लीक मामले में 9वीं गिरफ्तारी, बॉटनी टीचर मनीषा मंधारे को कोर्ट ने 14 दिन की CBI हिरासत में भेजा

NEET पेपर लीक मामले में 9वीं गिरफ्तारी, बॉटनी टीचर मनीषा मंधारे को कोर्ट ने 14 दिन की CBI हिरासत में भेजा

NEET Paper Leak Case: NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में जांच एजेंसियों ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। इस केस में गिरफ्तार की गई 9वीं आरोपी, बॉटनी टीचर मनीषा मंधारे को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया। सुनवाई के बाद कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया।

पुणे की बायोलॉजी लेक्चरर मनीषा गुरुनाथ मंधारे को पहले दिल्ली स्थित CBI हेडक्वार्टर में पूछताछ के लिए बुलाया गया था, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। जांच एजेंसी का दावा है कि मंधारे नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की पेपर सेटिंग कमेटी से जुड़ी हुई थीं।

परीक्षा के सवाल पहले से जानने और कोचिंग का आरोप

CBI के अनुसार, मनीषा मंधारे को परीक्षा में आने वाले सवालों की पहले से जानकारी थी। इसी जानकारी के आधार पर उन्होंने पुणे में स्पेशल कोचिंग क्लास शुरू की थी।इन क्लासों में छात्रों को बॉटनी और जूलॉजी के संभावित प्रश्न लिखवाए जाते थे। जांच में यह भी सामने आया है कि उन्होंने ब्यूटीशियन मनीषा वाघमारे के जरिए NEET परीक्षा देने वाले छात्रों को अपनी कोचिंग से जोड़ा और एडमिशन दिलवाया।

NEET Paper Leak Case

NEET-UG 2026 पेपर लीक में अब तक 9 गिरफ्तार आरोपी

इस पूरे मामले में अब तक कुल 9 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सभी आरोपियों पर अलग-अलग भूमिका निभाने के आरोप हैं:

1. मनीषा गुरुनाथ मंधारे (महाराष्ट्र, बायोलॉजी लेक्चरर)
आरोप: कोचिंग में लीक प्रश्न और उनके उत्तर छात्रों को लिखवाए

2. पीवी कुलकर्णी (महाराष्ट्र, केमिस्ट्री प्रोफेसर)
आरोप: परीक्षा से पहले छात्रों को सवाल और उनके उत्तर बताए

3. मनीषा वाघमारे (महाराष्ट्र, ब्यूटीशियन)
आरोप: छात्रों को रैकेट से जोड़कर कोचिंग तक पहुंचाया

4. धनंजय लोखंडे (महाराष्ट्र, दलाल)
आरोप: वाघमारे से पेपर लेकर कई लोगों को बेचा

5. शुभम खैरनार (महाराष्ट्र, दलाल)
आरोप: लोखंडे से पेपर लेकर टेलीग्राम पर सवालों की PDF बनाई

6. यश यादव (हरियाणा, दलाल)
आरोप: 15 लाख रुपये देकर PDF हासिल की

7. मांगीलाल बिंवाल (राजस्थान, दलाल)
आरोप: 45 लाख रुपये में NEET पेपर की डील की

8. दिनेश बिंवाल (राजस्थान, राजनीतिक व्यक्ति)
आरोप: मांगीलाल का भाई और रैकेट में शामिल

9. विकास बिंवाल (राजस्थान, MBBS छात्र)
आरोप: पिता मांगीलाल के साथ नेटवर्क में शामिल

NEET Paper Leak Case: लाखों रुपये में पेपर बेचने का आरोप

CBI की जांच में सामने आया है कि मनीषा मंधारे और मनीषा वाघमारे ने छात्रों और उनके माता-पिता से लीक पेपर और उत्तर देने के बदले मोटी रकम वसूली।बाद में वाघमारे ने अपने संपर्कों के जरिए यह पेपर अन्य लोगों तक भी पहुंचाया। उन्हें 14 मई को गिरफ्तार किया गया था।इन्हीं के बयान और पूछताछ के आधार पर मंधारे की गिरफ्तारी हुई। जांच में यह भी सामने आया कि लातूर के केमिस्ट्री प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी, जो लंबे समय तक NEET पेपर सेटिंग पैनल से जुड़े रहे हैं, इस पूरे नेटवर्क के मुख्य मास्टरमाइंड में शामिल हो सकते हैं।कुलकर्णी ने अप्रैल के आखिरी सप्ताह में अपने घर पर विशेष कक्षा लेकर छात्रों को वही प्रश्न, विकल्प और उत्तर बताए थे, जो बाद में परीक्षा में पूछे गए।

CBI की छापेमारी जारी, नांदेड़ में तलाशी

इस मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) लगातार कार्रवाई कर रही है। जांच टीम ने महाराष्ट्र के कई शहरों में छापेमारी की है।रविवार को टीम नांदेड़ पहुंची और अश्विनी भाऊराव कदम से जुड़े एक फ्लैट की तलाशी ली गई। एजेंसी शिक्षकों, दलालों और उनसे जुड़े लोगों से लगातार पूछताछ कर रही है।

NTA में बड़ा प्रशासनिक बदलाव

सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (National Testing Agency) में चार नए अधिकारियों की नियुक्ति की है। IRS अधिकारी आकाश जैन और आदित्य राजेंद्र भोजगढिया को जॉइंट डायरेक्टर बनाया गया है।इसके अलावा अनुजा बापट और रुचिता विज को जॉइंट सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है। इन सभी का कार्यकाल पदभार संभालने की तारीख से 5 साल या अगले आदेश तक रहेगा।

NEET-UG 2026 परीक्षा और रद्द होने का पूरा घटनाक्रम

NEET-UG परीक्षा 3 मई को देश के 551 शहरों और विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इसमें लगभग 23 लाख छात्रों ने भाग लिया।7 मई की शाम परीक्षा में गड़बड़ी की सूचना मिली, जिसके बाद मामला जांच एजेंसियों को सौंप दिया गया। 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई और री-एग्जाम कराने का फैसला लिया गया।

सुप्रीम कोर्ट में NTA को भंग करने की मांग

इस पूरे विवाद को लेकर यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट (UDF) ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है। याचिका में मांग की गई है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को भंग किया जाए।याचिका में यह भी कहा गया है कि इसकी जगह संसद द्वारा बनाए गए कानून के तहत एक नई नेशनल टेस्टिंग बॉडी बनाई जाए। साथ ही अदालत की निगरानी में एक समिति बनाने की भी मांग की गई है, जो राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की निगरानी करे और पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोके।

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। अब तक 9 गिरफ्तारियों के साथ जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क को उजागर करने में जुटी हैं। CBI की कार्रवाई और कोर्ट में चल रही सुनवाई के बीच यह मामला देश की परीक्षा प्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।

ये भी पढ़ें…11वीं शताब्दी की ऐतिहासिक धरोहर भारत लौटी, नीदरलैंड ने लौटाए चोल साम्राज्य के दुर्लभ ताम्रपत्र

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments