Chief Justice in Mp: देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि तकनीकी बदलावों के इस दौर में न्यायपालिका के प्रति आम लोगों का भरोसा बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि अब न्याय व्यवस्था को 24×7 कार्य प्रणाली की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए, ताकि लोगों को तेजी से न्याय मिल सके।
सेमिनार के आयोजन में शामिल हुए सीएम
वे जबलपुर में आयोजित ‘फ्रैगमेंटेशन टू फ्यूजनः एम्पॉवरिंग जस्टिस वाया यूनाइटेड डिजिटल प्लेटफॉर्म इंटीग्रेशन’ विषयक सेमिनार को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के कई न्यायाधीश,मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी मौजूद रहे।
Chief Justice in Mp: सरल तकनीक और स्थानीय मदद पर जोर
सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि न्याय व्यवस्था में इस्तेमाल होने वाले सॉफ्टवेयर की भाषा सरल और आमजन के लिए सहज होनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि ग्रामीण और तकनीक से कम परिचित लोगों तक डिजिटल सुधारों की जानकारी पहुंचाने के लिए पैरालीगल वॉलंटियर्स तैयार किए जाएं। उन्होंने नर्मदा नदी का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे अमरकंटक से निकली छोटी धारा आगे चलकर विशाल स्वरूप लेती है, उसी तरह छोटे-छोटे तकनीकी सुधार भविष्य में न्याय व्यवस्था में बड़ा परिवर्तन लाएंगे।
एआई और ई-कोर्ट पर विशेष फोकस
जस्टिस सूर्यकांत ने बताया कि लंबित मामलों के त्वरित निपटारे और न्यायिक व्यवस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग को लेकर एक विशेष कमेटी बनाई गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस दिशा में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

Chief Justice in Mp: तकनीकी सुधार से बढ़ेगा भरोसा- सीएम मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में सम्राट विक्रमादित्य और विक्रम-बेताल की कहानियों का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने में न्याय व्यवस्था की सबसे अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि न्यायिक व्यवस्था में तकनीकी सुधार आम लोगों का भरोसा और मजबूत करेंगे।
अब मप्र बनेगा उदाहरण: मेघवाल
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का यह डिजिटल नवाचार साधारण नहीं है। उन्होंने कहा कि अब डिजिटल न्याय प्रणाली के उदाहरण के तौर पर मध्यप्रदेश का नाम लिया जाएगा। साथ ही, साइन लैंग्वेज के जरिए भी प्लेटफॉर्म विकसित करना एक अनोखी पहल है, जिससे सुनने और बोलने में असमर्थ लोगों को भी न्याय तक आसान पहुंच मिलेगी।
Chief Justice in Mp: ई-कोर्ट और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हुई विस्तृत चर्चा
सेमिनार में ई-कोर्ट सिस्टम, डेटा इंटीग्रेशन, यूनिफाइड डिजिटल प्लेटफॉर्म और तकनीक आधारित न्याय व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। इसे देश की भविष्य की डिजिटल न्याय प्रणाली की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है।








