Breaking News
Home » मध्य प्रदेश » शिक्षा और सेना प्रशिक्षण को बढ़ावा! रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिले लखन पटेल, पथरिया में सैनिक स्कूल खोलने की मांग

शिक्षा और सेना प्रशिक्षण को बढ़ावा! रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिले लखन पटेल, पथरिया में सैनिक स्कूल खोलने की मांग

MP NEWS: मध्य प्रदेश के पशुपालन व डेयरी विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल ने नई दिल्ली में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर पथरिया विधानसभा क्षेत्र में सैनिक स्कूल की स्थापना का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल जैसे संस्थान युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सैनिक स्कूल खोलने की पहल को बताया सराहनीय

राज्यमंत्री लखन पटेल ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा देशभर में 100 नए सैनिक स्कूल खोलने की पहल अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने रक्षा मंत्री से अनुरोध करते हुए कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र लंबे समय से शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसरों की प्रतीक्षा कर रहा है। यदि पथरिया में सैनिक स्कूल की स्थापना होती है तो इससे क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सैन्य प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।

MP NEWS: युवाओं को मिलेगा बेहतर मार्गदर्शन

उन्होंने बताया कि सैनिक स्कूल केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं होते, बल्कि युवाओं को अनुशासित जीवन, नेतृत्व कौशल और देशसेवा की भावना से भी जोड़ते हैं। इससे स्थानीय युवाओं को रक्षा सेवाओं में जाने के लिए बेहतर मार्गदर्शन और तैयारी का अवसर प्राप्त होगा। साथ ही क्षेत्र में शिक्षा के स्तर में सुधार आएगा और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।

MP NEWS: क्षेत्रीय विकास को मिलेगी गति और रक्षा मंत्री का जताया आभार

लखन पटेल ने कहा कि सैनिक स्कूल खुलने से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी। स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन होगा और आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के विजन को मजबूत करने वाली साबित होगी। मुलाकात के अंत में राज्यमंत्री ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का बहुमूल्य समय देने और सकारात्मक चर्चा के लिए आभार व्यक्त किया।

ये भी पढ़े… दिग्विजय सिंह भड़के! बोले- RGPV से राजीव गांधी का नाम हटाना इतिहास मिटाने जैसा

 

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments