Gold Silver Price: दुनियाभर में चल रही आर्थिक और राजनीतिक अनिश्चितता के बीच मंगलवार को सोने की कीमतों में ज्यादा बदलाव नहीं देखा गया। शुरुआती कारोबार में सोना सीमित दायरे में ही ट्रेड करता नजर आया।मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर 5 जून 2026 वाले सोने के कॉन्ट्रैक्ट की शुरुआत मजबूती के साथ हुई। यह पिछली क्लोजिंग 1,59,401 रुपए के मुकाबले 498 रुपए यानी 0.31 प्रतिशत बढ़कर 1,59,899 रुपए पर खुला।
सुबह करीब 10 बजे तक सोना मामूली 20 रुपए की तेजी के साथ 1,59,421 रुपए पर कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान सोने ने 1,59,161 रुपए का निचला स्तर और 1,59,899 रुपए का ऊपरी स्तर छुआ।
चांदी की कीमतों में आई कमजोरी
जहां सोने में स्थिरता बनी रही, वहीं चांदी के दाम में गिरावट देखने को मिली।एमसीएक्स पर 3 जुलाई 2026 वाले चांदी के कॉन्ट्रैक्ट की शुरुआत पिछली क्लोजिंग 2,76,651 रुपए के मुकाबले 380 रुपए की कमजोरी के साथ 2,76,271 रुपए पर हुई।
खबर लिखे जाने तक चांदी 2,351 रुपए यानी 0.85 प्रतिशत गिरकर 2,74,300 रुपए पर पहुंच गई थी। कारोबार के दौरान चांदी का न्यूनतम स्तर 2,74,236 रुपए और उच्चतम स्तर 2,76,666 रुपए दर्ज किया गया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दबाव
वैश्विक बाजार में भी सोने और चांदी दोनों की कीमतों में नरमी देखी गई।खबर लिखे जाने तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 0.35 प्रतिशत टूटकर 4,542 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी 1.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76.47 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
Gold Silver Price: अमेरिका-ईरान तनाव का असर
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव की वजह से दुनियाभर के बाजारों में अस्थिरता बनी हुई है। हालांकि, अमेरिका की ओर से ईरान पर संभावित हमला फिलहाल टाल दिया गया है। इसका असर कच्चे तेल की कीमतों पर भी पड़ा और उसमें हल्की नरमी देखने को मिली।
ट्रंप ने दी बातचीत के संकेत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि कतर, सऊदी अरब और यूएई की सलाह के बाद अमेरिका ने ईरान पर होने वाले संभावित हमले को टाल दिया है।इसके साथ ही ट्रंप ने यह भी संकेत दिए कि ईरान के साथ शांति को लेकर बातचीत जारी है।
बीते एक साल में सोना और चांदी दोनों ने निवेशकों को जबरदस्त फायदा पहुंचाया है।इस दौरान डॉलर के हिसाब से सोने ने करीब 40 प्रतिशत का रिटर्न दिया, जबकि चांदी ने लगभग 135 प्रतिशत का शानदार रिटर्न देकर निवेशकों को बड़ा मुनाफा कराया।
ये भी पढ़े: 5 दिन में दूसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, भोपाल-इंदौर समेत कई शहरों में बढ़े नए रेट








