Rajnath Vietnam Visit: राजनाथ सिंह ने वियतनाम दौरे के दौरान पड़ोसी देश पाकिस्तान को इशारों-इशारों में कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ जब भी किसी “नापाक हरकत” की कोशिश की गई है, उसका मुंहतोड़ जवाब दिया गया है और भविष्य में भी किसी दुस्साहस का प्रभावी जवाब दिया जाएगा।
वियतनाम की राजधानी हनोई में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने बिना नाम लिए पाकिस्तान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “जब भी हमारे पड़ोसी देश ने कोई नापाक हरकत की है और ‘नापक’ से आपको स्पष्ट हो गया होगा कि मैं किसकी करतूतों की बात कर रहा हूं, तो उसे हर बार मुंहतोड़ जवाब दिया गया है। अब उसे दोबारा ऐसा नहीं करना चाहिए।”
‘भारत हर खतरे का जवाब देने में सक्षम’
राजनाथ सिंह ने कहा कि कुछ ताकतें आतंकवाद के जरिए भारत को अस्थिर करने की कोशिश करती हैं, लेकिन देश की संप्रभुता के खिलाफ किसी भी प्रयास का जवाब देने के लिए भारत पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने कहा, “सरकार की ओर से और देश के रक्षा मंत्री के रूप में मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि अगर भारत की संप्रभुता को खतरे में डालने का कोई प्रयास किया गया तो भारत प्रभावी ढंग से जवाब देगा।”
Rajnath Vietnam Visit: ऑपरेशन सिंदूर का भी किया जिक्र
रक्षा मंत्री ने पहलगाम हमले के बाद चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए भारतीय सशस्त्र बलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन के दौरान भारतीय रक्षाबलों ने अद्भुत काम किया।
परमाणु नीति पर भारत का रुख साफ
राजनाथ सिंह ने भारत की “नो फर्स्ट यूज” परमाणु नीति का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने अपनी प्रतिबद्धता निभाई है और आगे भी निभाएगा। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत किसी भी तरह की “परमाणु ब्लैकमेलिंग” स्वीकार नहीं करेगा।
Rajnath Vietnam Visit: रणनीतिक दौरे पर हैं रक्षा मंत्री
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चार दिवसीय वियतनाम और दक्षिण कोरिया दौरे पर हैं। इस यात्रा का उद्देश्य रक्षा सहयोग को मजबूत करना, सैन्य उपकरणों के संयुक्त उत्पादन और रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाना बताया जा रहा है।
ये भी पढ़े… राजधानी में कल बिजली संकट! जानिए किन-किन इलाकों में रहेगा लंबा पावर कट! जारी हुई पावर कट की पूरी लिस्ट!








