Namaz On Roads: सड़क पर नमाज को लेकर जारी सियासी बहस के बीच एडवोकेट नाजिया इलाही खान ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। खबर इंडिया से बातचीत में नाजिया इलाही खान ने कहा कि अगर अखिलेश यादव को सड़क पर नमाज पढ़ने से कोई परेशानी नहीं है, तो वो अपने घर में नमाज पढ़वाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बयान सिर्फ तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा देते हैं।
योगी ने कहा था- ‘नमाज पढ़नी है तो शिफ्ट में पढ़िए’
दरअसल, हाल ही में सीएम योगी आदित्यनाथ ने सड़क पर नमाज पढ़ने को लेकर सख्त टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि नमाज पढ़नी है तो शिफ्ट में पढ़िए। प्यार से मानेंगे ठीक है, नहीं मानेंगे तो दूसरा तरीका अपनाएंगे। सीएम योगी के इस बयान पर पलटवार करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अगर जगह कम है और कोई सड़क पर नमाज पढ़ रहा है तो इसमें क्या दिक्कत है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर क्या होना चाहिए और क्या नहीं, इसके लिए नियम बने हुए हैं और इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
Namaz On Roads: अखिलेश ने किया था बयान का पलटवार
जबकि अखिलेश यादव ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह जानबूझकर ऐसे मुद्दे उठाकर जनता का ध्यान असली समस्याओं से भटकाना चाहती है। उन्होंने कहा कि कोई भी नमाज़ सड़क पर नहीं पढ़ रहा है। अगर जगह नहीं होने की वजह से कोई पढ़ रहा है तो क्या दिक्कत है। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि बहस रोजगार, महंगाई और शिक्षा जैसे मुद्दों पर होनी चाहिए।
इसी दौरान अखिलेश यादव ने NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर भी केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि NEET अब लीक परीक्षा बन चुकी है। अखिलेश ने सवाल उठाते हुए कहा कि केवल मंत्री का इस्तीफा क्यों मांगा जाए, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का इस्तीफा भी मांगा जाना चाहिए। सपा प्रमुख ने भविष्य की राजनीति को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में सहयोगी दलों के साथ गठबंधन जारी रहेगा और उनका फॉर्मूला सीटें नहीं, जीत होगा।
ये भी पढ़े… रायबरेली में बिगड़े राहुल गांधी के बोल, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री को बताया ‘गद्दार’








