Fire Tragedy: महाराष्ट्र के ठाणे में गुरुवार तड़के एक भीषण आग की घटना ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। नौपाड़ा इलाके के गोखले रोड स्थित गांवदेवी सब्जी मंडी में सुबह करीब 3:45 बजे आग लग गई। उस समय अधिकांश लोग सो रहे थे, जिसके कारण आग का देर से पता चल पाया और देखते ही देखते लपटों ने कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
लपटों और धुएं से दहशत का माहौल
स्थानीय लोगों के अनुसार, मार्केट में सब्जियों के साथ कपड़ों की भी कई दुकानें थीं। आग लगने के बाद जलते स्टॉलों से उठती तेज लपटें और घना धुआं दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।
Fire Tragedy: आग बुझाने पहुंचे अधिकारियों की मौत
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। आग बुझाने के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सागर शिंदे (43) और कालू शंकर गाडेकर (53) के रूप में हुई है। अधिकारियों के मुताबिक सागर शिंदे ठाणे फायर ब्रिगेड में स्टेशन अधिकारी थे, जबकि कालू शंकर गाडेकर नगर निगम में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत थे।
दो दमकलकर्मी गंभीर रूप से घायल
इस हादसे में दो अन्य दमकलकर्मी भी गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों की पहचान स्टेशन ऑफिसर सुजीत पाष्टे (45) और तांडेल समीर जाधव (40) के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
Fire Tragedy: आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और दमकल विभाग के अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़े… परमाणु नीति पर राजनाथ सिंह का बड़ा बयान, ‘नो फर्स्ट यूज’ पर कायम, लेकिन दी सख्त चेतावनी








