35 शहरों में रात का तापमान 30°C के पार
India Meteorological Department के अनुसार गुरुवार को देश के 35 शहरों में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक उत्तर और मध्य भारत में हीटवेव जारी रहने की चेतावनी दी है।
Heatwave in India: बिहार में स्कूल बंद, बिजली गिरने से 3 मौतें
भीषण गर्मी को देखते हुए बिहार के पटना और गया में 22 से 26 मई तक पांचवीं कक्षा तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। वहीं मधेपुरा और सहरसा में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई।
Heatwave in India: पंजाब में बदला स्कूल और दफ्तरों का समय
गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए पंजाब सरकार ने सरकारी दफ्तरों और स्कूलों के समय में बदलाव किया है। अब स्कूल और सरकारी कार्यालय सुबह 7:30 बजे खुलेंगे और दोपहर 1:30 बजे बंद हो जाएंगे।
राजस्थान समेत कई राज्यों में हीटवेव अलर्ट
23 मई को राजस्थान में गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक यहां दिन के साथ रातें भी बेहद गर्म रहेंगी। इसके अलावा छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी लू चलने की संभावना है।
24 मई को बिहार, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और तेलंगाना में गर्मी का असर बना रहेगा। पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में उमसभरी गर्मी परेशान कर सकती है।
दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने असम, मेघालय, केरल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश की संभावना जताई है। आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और झारखंड में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।
गर्मी में बढ़ी पानी की किल्लत
भीषण गर्मी के कारण पीने, नहाने और साफ-सफाई में पानी की खपत बढ़ गई है। कई शहरों में जल संकट गहराने लगा है। विशेषज्ञों का कहना है कि लोगों को पानी बचाने के उपाय अपनाने चाहिए और जरूरत के हिसाब से पानी का स्टोरेज करना चाहिए।
यह भी पढे़ : जैव विविधता समाप्त हुई तो खतरे में पड़ जाएगा मानव जीवन, संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने चेताया








