Washington: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ बातचीत के जरिये शांति का विकल्प खुला रखे हुए हैं, हाल में उनकी इस बात को लेकर इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू से तीखी बहस भी हो गई थी, लेकिन इस बात की भी संभावनाएं व्यक्त की जा रही हैं कि ट्रंप प्रशासन ईरान के खिलाफ एक बार फिर से सैन्य हमले की तैयारी कर रहा है।
अधिकारियों के हॉलिडे प्रोग्राम रद्द
हालांकि हमले को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है, लेकिन CBS न्यूज के अनुसार ट्रम्प प्रशासन संभावित नए हमलों की प्लानिंग पर विचार कर रहा है।ट्रंप और अधिकारियों के वीकेंड कार्यक्रम रद्द होने को इसी दृष्टि से देखा जा रहा है।राष्ट्रपति ने मेमोरियल डे सप्ताहांत न्यू जर्सी स्थित अपने गोल्फ कोर्स में बिताने की योजना बनाई थी, लेकिन अब वे व्हाइट हाउस लौटेंगे। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि “सरकारी परिस्थितियों” के कारण वे इस सप्ताहांत अपने बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की शादी में शामिल नहीं हो पाएंगे।
सूत्रों के अनुसार अमेरिकी सेना और खुफिया समुदाय के कुछ सदस्यों ने संभावित हमलों की आशंका में मेमोरियल डे सप्ताहांत के लिए अपनी योजनाएं रद्द कर दीं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिकी प्रशासन और सेना के कई सीनियर अधिकारियों ने भी अपने छुट्टी और हॉलिडे प्रोग्राम रद्द कर दिए हैं।
Washington: सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
जानकारी के मुताबिक अमेरिकी रक्षा और खुफिया अधिकारियों ने विदेशों में स्थित सैन्य प्रतिष्ठानों के लिए वापसी सूचियों को अपडेट करना शुरू कर दिया है, क्योंकि मध्य पूर्व में तैनात सैनिकों के समूह क्षेत्र से बाहर निकल रहे हैं।
अप्रैल की शुरुआत में अस्थायी युद्धविराम शुरू होने के बाद से अमेरिका और ईरान ने एक-दूसरे पर हमले करने से काफी हद तक परहेज किया है, जिससे दीर्घकालिक समझौते पर अप्रत्यक्ष बातचीत के लिए समय मिल गया है।
Washington: परमाणु हथियार नहीं रख सकता ईरान
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता अन्ना केली के मुताबिक ट्रम्प ने अपनी “सीमाएं बिल्कुल स्पष्ट कर दी हैं: ईरान कभी भी परमाणु हथियार नहीं रख सकता, और वे अपने समृद्ध यूरेनियम को अपने पास नहीं रख सकते।”
इसी बीच ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम ने दावा किया कि ईरानी सेना दुश्मन की किसी भी बेवकूफी का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।








