Home » उत्तर प्रदेश » बांदा स्टेशन से 2 साल का मासूम अगवा, CCTV की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस

बांदा स्टेशन से 2 साल का मासूम अगवा, CCTV की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस

स्टेशन से बच्चे के गायब होने से मचा हड़कंप

Kidnapping Case: उत्तर प्रदेश के बांदा रेलवे स्टेशन से 2 साल के बच्चे के अपहरण का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम तुरंत बच्चे की तलाश में जुट गई। काफी देर तक खोजबीन करने के बाद डायल 112 के जरिए जिला पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया।

CCTV फुटेज से मिला अहम सुराग

इस मामले की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि 24 मई की रात करीब 8:30 बजे डायल 112 पर सूचना मिली थी कि बांदा रेलवे स्टेशन से एक व्यक्ति 2 साल के बच्चे को उठाकर ले गया है। जब रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों और जीआरपी-आरपीएफ की फुटेज खंगाली गई तो पता चला कि यह घटना शाम करीब 5:30 बजे हुई थी।

मुंबई जाने आई थी बच्चे की मां

पुलिस के मुताबिक बच्चे की मां आरती अपने भाई और उसके परिवार के साथ मुंबई जाने के लिए बांदा रेलवे स्टेशन पहुंची थी। उन्हें मानिकपुर रेलवे स्टेशन जाना था, जहां से आगे मुंबई के लिए ट्रेन पकड़नी थी। इसी दौरान 2 साल का बच्चा शिवांश भी स्टेशन पर मौजूद था और वहीं से उसे अगवा कर लिया गया।

कई टीमों को लगाया गया तलाश में

बच्चे की तलाश के लिए पुलिस अधीक्षक की ओर से कई टीमें बनाई गईं। सीसीटीवी और त्रिनेत्र कैमरों की मदद से पुलिस को पता चला कि आरोपी बच्चे को तेंदुआरी रोड की तरफ लेकर गया है। इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जब कोतवाली देहात थाना पुलिस ने आरोपी को घेर लिया तो उसने बच्चे को नहर में फेंक दिया और भागने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने आरोपी किशन को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद बच्चे को नहर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

Kidnapping Case: आरोपी के खिलाफ दर्ज हुआ केस

बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद उसके परिजनों को बुलाया गया। जीआरपी और आरपीएफ की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने बताया कि बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है। आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी के खिलाफ जीआरपी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।

ये भी पढ़ें…नौतपा की शुरुआत के साथ बढ़ी गर्मी, कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments