Rahul Gandhi: भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। बीजेपी प्रवक्ता Gaurav Bhatia ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए राहुल गांधी को भस्मासुर करार दिया और दावा किया कि आने वाले एक साल के भीतर कांग्रेस पार्टी दो हिस्सों में बंट जाएगी। बीजेपी ने कहा कि कांग्रेस के भीतर ही गांधी परिवार के खिलाफ असंतोष बढ़ रहा है और यही पार्टी के टूटने की वजह बनेगा।
100 राहुल गांधी भी सरकार नहीं हिला सकते
गौरव भाटिया ने राहुल गांधी के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने केंद्र सरकार के एक साल के भीतर गिरने का दावा किया था। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार पूरी तरह मजबूत और स्थिर है। उन्होंने कहा कि यह सरकार अंगद के पांव की तरह अडिग है और 100 राहुल गांधी भी मिलकर इसे हिला नहीं सकते।भाटिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार ऐसा माहौल बनाने की कोशिश करते हैं जिससे देश में अराजकता फैले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता की राजनीति टूलकिट मॉडल पर आधारित है, जो देशहित के बजाय भ्रम और अस्थिरता पैदा करने का काम करती है।
Rahul Gandhi: राहुल गांधी की राजनीति अराजकता फैलाने वाली
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि जब पूरी दुनिया आर्थिक संकट और वैश्विक चुनौतियों से जूझ रही है, तब भारत ने मजबूती के साथ स्थिति का सामना किया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले कई महीनों में भारत की अर्थव्यवस्था ने मजबूती दिखाई है और इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को जाता है।गौरव भाटिया ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर विपक्ष का मकसद केवल सरकार को अस्थिर करना और भ्रम फैलाना है, तो बीजेपी का संकल्प देश को और मजबूत बनाने का है। उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहे जितनी कोशिश कर ले, भारत विकास के रास्ते पर आगे बढ़ता रहेगा।
Rahul Gandhi: कांग्रेस में ‘विद्रोह’ का दावा
बीजेपी नेता ने दावा किया कि कांग्रेस के भीतर गांधी परिवार के खिलाफ असंतोष लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर ही राहुल गांधी और गांधी परिवार के खिलाफ आवाजें उठेंगी और यही कांग्रेस के टूटने का कारण बनेगा। भाटिया ने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस के भीतर बड़ा राजनीतिक संकट देखने को मिल सकता है।
महंगाई और तेल कीमतों पर भी बीजेपी का जवाब
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीजेपी ने महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भी विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया। गौरव भाटिया ने कहा कि वैश्विक संकट के बावजूद भारत में महंगाई दर कई देशों की तुलना में काफी कम है। उन्होंने दावा किया कि जहां दुनिया के कई देशों में महंगाई 30 से 50 प्रतिशत तक पहुंच गई, वहीं भारत में यह करीब 4 प्रतिशत के आसपास बनी हुई है।तेल कीमतों पर बोलते हुए बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारी उतार-चढ़ाव के बावजूद भारत में कीमतों को नियंत्रित रखने की कोशिश की गई। उन्होंने यह भी कहा कि भारत अपने राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखकर फैसले लेता है और रूस से तेल आयात को लेकर किसी अंतरराष्ट्रीय दबाव में काम नहीं करता।
Rahul Gandhi: बीजेपी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
बीजेपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह संदेश देने की कोशिश की कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत आर्थिक मोर्चे पर मजबूत स्थिति में है। पार्टी ने दावा किया कि सरकार ने महंगाई नियंत्रण, ऊर्जा आपूर्ति और आर्थिक स्थिरता जैसे मुद्दों पर प्रभावी काम किया है और विपक्ष केवल राजनीतिक बयानबाजी में जुटा हुआ है।







